दुर्ग में डबल मर्डर से सनसनी, घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और बेटे की हत्या, एक बेटी गंभीर रूप से घायल

Double Murder in Durg: दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित एसटीएफ कॉलोनी में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई है। दअसल, एक युवती ने आरक्षक के घर में घुसकर उसकी पत्नी और 9 साल के बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि एक बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। इस बीच एक बच्ची ने बाथरूम में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई। जानकारी के मुताबिक आरक्षक ललितेश यादव बीजापुर में पदस्थ हैं, जो 15 दिन की छुट्टी पर अपने घर दुर्ग आए हुए थे। शनिवार सुबह करीब 8 बजे वे रेलवे स्टेशन रिजर्वेशन कराने गए थे। इसी दौरान सुबह लगभग 6:30 बजे एक युवती सामान लेकर उनके घर पहुंची और कुछ ही देर बाद वारदात को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में विदेशी फंडिंग और ED की कार्रवाई पर सियासी बयानबाजी तेज, BJP और कांग्रेस आमने-सामने
आरोपी ने घर में मौजूद आरक्षक की पत्नी रीना यादव और बच्चों पर अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि महिला ने रीना यादव पर लगभग 18 वार और सो रहे 9 साल के बेटे आदित्य यादव पर करीब 14 बार चाकू से वार किए। हमले के दौरान रीना यादव ने आरोपी युवती का पैर पकड़कर बच्चों को भागने के लिए कहा। उनकी बड़ी बेटी तानिया (11) किसी तरह घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही, जबकि दूसरी बेटी नैना (12) बाथरूम में छिप गई और अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। लोगों ने उसके हाथ से चाकू छीनकर पुलिस को सूचना दी।

इस हमले में रीना यादव और बेटे आदित्य यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बड़ी बेटी तानिया गंभीर रूप से घायल है, जिसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है। आरोपी युवती की पहचान सरोजनी भारद्वाज (25) के रूप में हुई है, जो जांजगीर की रहने वाली बताई जा रही है। युवती फिलहाल दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी। स्थानीय लोगों और पड़ोसियों के मुताबिक आरोपी युवती और आरक्षक के बीच फेसबुक के माध्यम से संपर्क हुआ था, जिनके बीच लंबे समय से अवैध संबंध चल रहे थे। बताया जा रहा है कि आरक्षक ने ही युवती को घर में रुकवाया था। यह भी जानकारी सामने आई है कि युवती एक दिन पहले भी घर पहुंची थी, लेकिन तब आरक्षक ने उसे समझाकर वापस भेज दिया था। (Double Murder in Durg)

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि रीना यादव और उनके बेटे आदित्य यादव की मौत हो गई है। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और व्यक्तिगत संबंधों से जुड़ा मामला सामने आ रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। सुरक्षा, मानसिक तनाव और आपसी संबंधों में बढ़ते विवादों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। (Double Murder in Durg)



