छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े गांजा तस्कर रवि साहू पर शिकंजा, 7.50 करोड़ की संपत्ति अटैच करने की तैयारी

Ganja Smuggler Ravi Sahu: छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के सबसे बड़े नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साथ ही कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और गांजा किंगपिन रवि साहू के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। पुलिस अब उसकी करीब 7.50 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्तियों को अटैच करने की तैयारी में है। इसे लेकर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने प्रतिवेदन तैयार कर मुंबई SAFEMA कोर्ट भेज दिया है, जहां इस मामले की सुनवाई 5 मई को निर्धारित है। पुलिस के मुताबिक रवि साहू प्रदेश का सबसे बड़ा गांजा तस्कर माना जाता था। उसकी सप्लाई चेन इतनी मजबूत थी कि पुलिस कार्रवाई के बाद भी गांजे की उपलब्धता प्रभावित नहीं होती थी और तुरंत सप्लाई फिर से शुरू हो जाती थी। यही वजह थी कि लंबे समय से वह पुलिस के निशाने पर था।
यह भी पढ़ें:- खुद की शादी का कार्ड बांटते समय कांग्रेस नेता गिरफ्तार, गर्लफ्रेंड ने लगाया रेप का आरोप, 7 मई को होनी थी शादी
बता दें कि कार्रवाई SAFEMA एक्ट के तहत की जा रही है। पुलिस ने उसकी संपत्तियों का पूरा ब्यौरा जुटाकर कोर्ट में पेश किया है, जिसमें मकान, जमीन और अन्य निवेश शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि रवि साहू ने अवैध कमाई से अपनी पत्नी, बेटे और मां के नाम पर करोड़ों की संपत्ति खरीदी थी। रवि साहू को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके इलाके में पैदल जुलूस भी निकाला था, जिससे अपराध के खिलाफ सख्त संदेश दिया जा सके। वह कोतवाली थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश रहा है और उसके खिलाफ NDPS एक्ट समेत मारपीट, अवैध वसूली, धमकी और अन्य गंभीर अपराधों के कुल 55 मामले दर्ज हैं। (Ganja Smuggler Ravi Sahu)
जानकारी के मुताबिक गांजा तस्करी के जरिए उसने करीब 12 करोड़ रुपए की अवैध कमाई की थी। रायपुर के कालीबाड़ी इलाके से उसका नेटवर्क संचालित होता था, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी वह तस्करी का विस्तार कर चुका था। पुलिस का कहना है कि रायपुर कमिश्नरेट में NDPS एक्ट के तहत इस तरह की यह पहली बड़ी आर्थिक कार्रवाई मानी जा रही है। अब तक तस्करों के खिलाफ सिर्फ गिरफ्तारी और माल जब्ती की कार्रवाई होती थी, लेकिन इस बार उनकी आर्थिक कमर तोड़ने के उद्देश्य से संपत्ति अटैच करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा ने बताया कि SAFEMA कोर्ट में आवेदन दाखिल कर दिया गया है और नोटिस भी जारी हो चुका है।

कोर्ट के आदेश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से न सिर्फ रवि साहू के नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ेगा, बल्कि प्रदेश में गांजा तस्करी के खिलाफ एक सख्त संदेश भी जाएगा। ऐसे में साफ है कि अब पुलिस सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहकर तस्करों की आर्थिक जड़ों पर वार करने की रणनीति पर काम कर रही है। 5 मई को होने वाली सुनवाई के बाद यह तय होगा कि रवि साहू की अवैध संपत्तियों पर कब और कैसे अंतिम कार्रवाई होती है, लेकिन फिलहाल इस कदम को प्रदेश में संगठित गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी और निर्णायक पहल माना जा रहा है। (Ganja Smuggler Ravi Sahu)



