यूथ फेस्ट-2026: वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी का मंत्र, कहा- फिट रहें, पॉजिटिव सोचें, परिवार संग आगे बढ़ें
Youth Fest 2026: धमतरी जिले में आयोजित यूथ फेस्ट-2026 के अंतर्गत एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें देश के वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं, विशेषकर छात्र-छात्राओं और महिलाओं को जीवन के महत्वपूर्ण मूल्यों पर केंद्रित रहते हुए आगे बढ़ने का संदेश दिया। बता दें कि यूथ फेस्ट-2026 के तहत 24-25 को जिले के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में अलग-अलग रचनात्मक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य प्रस्तुतियां, स्टार्टअप, एजुकेशन और स्किल डेवलपमेंट से संबंधित वर्कशॉप, फूड स्टॉल्स, कला एवं संस्कृति से जुड़ी प्रदर्शनियां समेत युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने वाले कई कार्यक्रम शामिल रहे।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े गांजा तस्कर रवि साहू पर शिकंजा, 7.50 करोड़ की संपत्ति अटैच करने की तैयारी
आखिरी दिन दायरा बैंड (जादू बस्तर) की प्रस्तुति ने आयोजन में सांस्कृतिक रंग भर दिए और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी ने कहा कि आज के बदलते दौर में निरंतर सीखना, स्वयं को अपडेट रखना और सकारात्मक सोच बनाए रखना ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने विशेष रूप से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य यानी मेंटल हेल्थ के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस समय में संतुलित जीवनशैली अपनाना अत्यंत आवश्यक है। सौरभ द्विवेदी ने युवाओं से कहा कि वे बाहरी दुनिया की अनावश्यक आलोचनाओं और भ्रामक बातों से प्रभावित न हों, बल्कि अपने मन की सुनें और परिवार की सलाह को प्राथमिकता दें। (Youth Fest 2026)

उन्होंने कहा कि परिवार ही व्यक्ति का सबसे बड़ा शुभचिंतक होता है, इसलिए अपने माता-पिता, बहनों और परिवारजनों की चिंता करना और उनका ख्याल रखना हर युवा का दायित्व है। महिलाओं की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में माताओं और बहनों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब महिलाएं घर की जिम्मेदारियों के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाती हैं, तब समाज और देश की प्रगति को नई गति मिलती है। उन्होंने महिलाओं को घर और कार्य के बीच संतुलन बनाते हुए अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की भी सलाह दी।
भ्रामक प्रचार से सतर्क रहने का संदेश
उन्होंने युवाओं, महिलाओं और बच्चों को अनावश्यक विज्ञापनों और भ्रामक प्रचार से सतर्क रहने का संदेश देते हुए कहा कि सही जानकारी, जागरूकता और विवेकपूर्ण निर्णय ही उन्हें सशक्त बनाएंगे। साथ ही उन्होंने सभी से प्रतिदिन कुछ नया सीखने और अपने कौशल को निरंतर निखारने का आह्वान किया। युवा फेस्ट-2026 का यह आयोजन युवाओं के सर्वांगीण विकास, उनकी रचनात्मकता को मंच देने और उन्हें सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने की दृष्टि से अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायी सिद्ध हुआ। महापौर रामू रोहरा ने युवा फेस्ट-2026 अलग-अलग प्रतियोगिता में विजय प्रतिभागियों को ट्राफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। (Youth Fest 2026)



