NDA का TMC और CM ममता बनर्जी पर वार, कहा- जब कोई पार्टी हारती है तो वह तरह-तरह के आरोप लगाती है

NDA on TMC: देश के 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल सामने आने के बाद सियासत जारी है। इस बीच पश्चिम बंगाल में सामने आए विवाद से राजनीति और गरमा गई है। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि जब कोई चुनाव हारता है तो वह EVM पर दोष लगाता है और जब वह जीतता है तो EVM का दोष खत्म हो जाता है। जब कोई पार्टी हारती है तो वह तरह-तरह के आरोप लगाती है। हारने वाले लोग आरोप लगाते हैं। भाजपा नेता राम कृपाल यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने TMC को नकार दिया है। कहीं कोई गड़बड़ नहीं हुई है। चुनाव आयोग ने अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन किया है। नतीजा आएगा और सब पता चल जाएगा।
यह भी पढ़ें:- बंगाल में भाजपा ने लोकतंत्र का गला घोट दिया, संविधान के साथ खिलवाड़ कर रहे: कांग्रेस
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि जब से एग्जिट पोल आए हैं और यह स्थिति साफ हो रही है कि बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार बनने वाली है और TMC की बहुत बुरी हार होने वाली है तब से TMC ट्रिपल D में चली गई है, वे ध्यान भटाने की कोशिश कर रहे हैं, वे ड्रामा कर रहे हैं। TMC हारने से पहले ही बहाना बनाने की कोशिश कर रही है। कई तरह के आरोप वे लगाते रहे हैं क्योंकि वे घबराहट में हैं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि हम एग्जिट पोल को इतनी गंभीरता से नहीं लेते हैं। हमें भारत के लोग, भारत की जनता पर पूरा विश्वास है। जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 सालों में देश को नई ऊंचाईयों तक पहुंचाया है, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के लोग भी इससे वंचित नहीं रहना चाहते। पश्चिम बंगाल में शुद्ध रूप से भाजपा की, तमिलनाडु में NDA की सरकार आने जा रही है। असम और पुडुचेरी में फिर एक बार भाजपा, NDA की सरकार बनेगी और केरल में भी हमें विश्वास है कि हम आगे की अपनी यात्रा की बढ़त इस चुनाव से शुरू करेंगे।

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि जो एग्जिट पोल संकेत दे रहे हैं, हमें विश्वास है कि अंतिम परिणाम इससे कहीं ज्यादा निर्णायक और प्रभावी ढंग से भाजपा के पक्ष में होगा। प्रधानमंत्री ने कहा था कि वे शपथ ग्रहण समारोह में दोबारा आएंगे। यह एक ऐतिहासिक अवसर होगा। उत्तराखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश तक तो गंगा का प्रवाह आ चुका है, अब बस गंगा सागर का पड़ाव रह गया है। मुझे लगता है कि बंगाल के चुनाव के बाद गंगोत्री से गंगा सागर तक विकास का अविरल प्रवाह कोई रोक नहीं सकता है। INDI गठबंधन भी अब तितर-बितर हो चुका है क्योंकि सब दल आपस में लड़ लिए। भाजपा नेता आर.पी. सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में जिस प्रकार के हालात थे, मैं खुद भवानीपुर में था, इस बार ममता बनर्जी भवानीपुर तक हारने जा रही हैं। हमारा मानना है कि इस बार भाजपा की 170 के आस-पास सीटें आएंगी। हम लोग वहां पर सुनिश्चित सरकार बनाने जा रहे हैं, जिस प्रकार का भय का माहौल था उससे लोग अब निवारण चाहते हैं।

गुजरात के डिप्टी CM हर्ष संघवी ने कहा कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का अभिनंदन। भारत में, कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक, बंगाल से लेकर असम तक, तमिलनाडु हो या केरल हो, हर दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास की राजनीति है। खासकर जिस प्रकार से प्रधानमंत्री ने 2014 के बाद गरीब से लेकर, युवा और महिलाएं सभी को साथ लेकर विकास की गति को तेजी से आगे बढ़ाया है, मैं देख पा रहा हूं कि भारत का हर वर्ग पीएम मोदी के साथ खड़ा है। बंगाल में भी भाजपा का कमल खिलेगा, मुझे पूर्ण विश्वास है। राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा कि भाजपा सभी राज्यों में जीतेगी। मैंने बंगाल में बहुत लोगों से बात की, जमीनी स्तर पर लोगों से बात की और सभी का कहना है कि भाजपा बंगाल में जीत रही है। भाजपा बंगाल में इसलिए भी जीत रही है क्योंकि जो TMC है उसने बहुत गुंडागर्दी की है, बहुत ज्यादा भ्रष्टाचार किया है। प्रधानमंत्री मोदी के जो अच्छे काम रहे हैं उन कारणों से भी भाजपा जीत रही है।

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बन रही है। प्रधानमंत्री मोदी पर पश्चिम बंगाल के भाई, बहनों, मजदूरों, युवाओं, सबने भरोसा जताया है और वहां भारी बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। पिछले चुनाव में किस तरह ममता बनर्जी के गुंडों ने मतदाताओं को रोका था, हत्याएं की गई, किस तरह तांडव किया गया और जब ममता बनर्जी की सरकार बनी उसके बाद TMC के गुंडों ने जो कोहराम मचाया था, भाजपा के मतदाताओं की हत्याएं हुई। लेकिन इस बार हम चुनाव आयोग का स्वतंत्र और पारदर्शी तरीके से चुनाव कराने के लिए धन्यवाद करते हैं। बिहार की भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा कि जो भी नतीजा आएगा वो हम सभी को स्वीकार्य होगा। हम लोग बदलाव चाहते हैं, जिसके लिए बहुत सारे लोगों ने बहुत मेहनत की है। लोग निडर होकर मतदान करने गए हैं, जिसके नतीजे बहुत जल्द देखने को मिलेंगे। एग्जिट पोल के बाद जारी इस सियासी घमासान के बीच सभी की नजर अब 4 मई को होने वाली मतगणना पर टिकी है, जब वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। (NDA on TMC)



