श्रमिक दिवस पर डिप्टी CM अरुण साव का वार, ‘सुशासन तिहार’ का किया ऐलान, कांग्रेस पर साधा निशाना
रायपुर। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेशवासियों और श्रमिकों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने सरकार की प्राथमिकताओं पर बात करते हुए “सुशासन तिहार” अभियान की घोषणा की और कांग्रेस पर भी निशाना साधा।
यह भी पढ़े :- पारिस्थितिकी बहाली का छत्तीसगढ़ मॉडल – बारनवापारा में काले हिरणों की वापसी
अरुण साव ने कहा कि श्रमिकों के परिश्रम से देश और प्रदेश का विकास संभव हो रहा है। सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए लगातार श्रम कानूनों में सुधार कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
‘सुशासन तिहार’ आज से शुरू
डिप्टी सीएम ने बताया कि आज से 10 जून तक “सुशासन तिहार” का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान अधिकारी और जनप्रतिनिधि गांव-गांव जाकर आम जनता से संवाद करेंगे, योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे और समस्याओं का समाधान करेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और आम लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
‘बोरे बासी’ अभियान पर कांग्रेस पर हमला
अरुण साव ने कांग्रेस के ‘बोरे बासी’ अभियान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह केवल दिखावे की राजनीति है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक भोजन को भी राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया है, जबकि यह आम जनजीवन और संस्कृति का हिस्सा है।
कांग्रेस की गतिविधियों पर भी टिप्पणी
कांग्रेस की बैठकों और वरिष्ठ नेता सचिन पायलट के दौरे को लेकर भी साव ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से दूर हो चुकी है और उसके अभियानों का कोई असर नहीं पड़ेगा। जनता अब कांग्रेस से दूरी बना चुकी है।



