असम में फिर बीजेपी सरकार की आहट, रुझानों में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बढ़त

Assam Counting 2026: असम के 126 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है। रुझानों में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। रुझानों में बीजेपी बहुमत के आंकड़े 64 को पार करते हुए 90 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि कांग्रेस 25 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है। इन रुझानों के साथ ही राज्य में लगातार तीसरी बार बीजेपी सरकार बनने की संभावना जताई जा रही है। मतगणना से पहले आए एग्जिट पोल्स में भी असम में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बीजेपी की वापसी का अनुमान लगाया गया था, जो अब शुरुआती रुझानों में भी झलकता दिख रहा है।
सिलचर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार राजदीप राय ने जीत का दावा करते हुए कहा कि सिलचर में बहुत बड़े अंतर से हमारी जीत होगी। असम में हम तीसरी बार सरकार बनाने जा रहे हैं। नॉर्थ लखीमपुर के बिहपुरिया सीट पर काउंटिंग सेंटर पहुंचे बीजेपी उम्मीदवार भूपेन कुमार बोरा ने कहा कि असम की जनता मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में इसलिए एकजुट हुई है, क्योंकि असम को विकास चाहिए। चुनाव के नतीजे बहुत अच्छे होंगे। गुवाहाटी सेंट्रल सीट से बीजेपी उम्मीदवार विजय गुप्ता ने भी जीत को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा आश्वस्त है कि उसकी सरकार यहां तीसरी बार बनने जा रही है और बहुत अच्छे अंतर से हमारे सभी उम्मीदवार जीतेंगे। जनता का आशीर्वाद और स्नेह हमें मिला है।

जम्मू से बीजेपी के असम चुनाव सह-प्रभारी और जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि5 राज्यों में भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जनता का समर्थन देखने को मिला है। इससे स्पष्ट है कि भाजपा प्रचंड बहुमत से असम, बंगाल और पुडुचेरी में सरकार बनाएगी। भाजपा का तमिलनाडु और केरल में वोट प्रतिशत बढ़ेगा। असम में भाजपा और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के प्रति लोगों का समर्थन देखने को मिला है। वहीं जोरहाट से कांग्रेस उम्मीदवार और प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई ने कहा कि हम असम में एक सकारात्मक नतीजे का इंतजार कर रहे हैं। हमने प्रदेश में विभिन्न ऑबजर्वर भेजे हैं ताकि अगर किसी को कहीं भी प्रशासन की ओर से कोई कमजोरी दिखती है तो वे हमें जानकारी दें। हमारी पूरे दिन की तैयारी रहेगी। (Assam Counting 2026)

वहीं शिवसागर के नाज़िरा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार देवव्रत सैकिया ने सत्ता परिवर्तन का दावा किया। उन्होंने कहा कि असम में सरकार बदलने वाली है। असम में अच्छे दिनों का वादा करके भाजपा ने लोगों से वोट लिए, लेकिन बेरोजगार युवाओं, किसानों, महिला सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया गया। गुवाहाटी के डिमोरिया सीट से असम गण परिषद (AGP) उम्मीदवार तपन दास ने भी बीजेपी गठबंधन के पक्ष में माहौल बताया। उन्होंने कहा कि जो विकास का काम हो रहा है उसके लिए असम की जनता मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को आशीर्वाद दे रही है। बहुत अच्छे अंतर से हम सरकार बनाएंगे। लोग विकास के लिए वोट दे रहे हैं। असम में जारी रुझान बीजेपी के लिए बेहद उत्साहजनक हैं और तीसरी बार सत्ता में वापसी के संकेत दे रहे हैं। हालांकि अंतिम नतीजे आने तक तस्वीर पूरी तरह साफ होना बाकी है, लेकिन मौजूदा स्थिति में सत्ताधारी दल बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि विपक्ष उम्मीद के साथ परिणामों का इंतजार कर रहा है।



