पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन की तैयारी तेज, 9 मई को शपथग्रहण

Bengal Swearing in Ceremony: पश्चिम बंगाल समेत असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव परिणाम सामने आने के बाद हलचल तेज हो गई है। बंगाल बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के मुताबिक राज्य में नई सरकार का शपथग्रहण 9 मई को होगा। इसी दिन रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती भी है, ऐसे में इस आयोजन को राजनीतिक और सांस्कृतिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि अभी तक मुख्यमंत्री पद को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। वहीं BJP नेता सुवेंदु अधिकारी आज शाम नवनिर्वाचित विधायकों के साथ दिल्ली रवाना होंगे।
यह भी पढ़ें:- आदर्श विद्यालय के छात्रों का सीजीबीएसई बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन
सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर सरकार गठन और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। सूत्र यह भी बताते हैं कि मुख्यमंत्री पद और कैबिनेट गठन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय दिल्ली में ही लिए जा सकते हैं। वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। इससे पहले उन्होंने भवानीपुर सीट से हार के बाद चुनावी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए थे। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि निर्वाचन आयोग और भाजपा ने गड़बड़ी की। 100 से ज्यादा सीटों पर वोट लूटे गए। मेरे एजेंटों को बूथ में नहीं घुसने दिया गया। मुझे रोका गया और धक्का-मुक्की की गई। उनके इन आरोपों के बाद राजनीतिक माहौल और ज्यादा गर्म हो गया है। (Bengal Swearing in Ceremony)
जनता का फैसला सर्वोपरि: सांसद महुआ मोइत्रा
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनता की इच्छा सर्वोपरि है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- अगर बंगाल को भाजपा चाहिए थी तो बंगाल को भाजपा मिल गई है। हमने कठिन परिस्थितियों में भी मजबूत लड़ाई लड़ी और मुझे अपनी पार्टी पर गर्व है। हम संविधान और धर्मनिरपेक्षता के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। वहीं भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि उन्होंने लगभग 10 हजार वोटों से जीत दर्ज की है। उन्होंने दावा किया कि नंदीग्राम के हिंदू मतदाताओं ने उन्हें समर्थन दिया, जबकि मुस्लिम वोट TMC को गया। उन्होंने आगे कहा कि TMC खत्म हो जाएगी। 24 घंटे में यह पार्टी तबाह हो जाएगी। हम प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के विजन के अनुसार काम करेंगे। (Bengal Swearing in Ceremony)
कालीबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना
चुनावी जीत के बाद भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने दिल्ली स्थित कालीबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की, जिसमें BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, CM रेखा गुप्ता, सांसद बांसुरी स्वराज, पार्टी की दिल्ली यूनिट के चीफ वीरेंद्र सचदेवा शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता को धन्यवाद दिया जाना चाहिए और राज्य में विकास-सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की बात कही। पश्चिम बंगाल में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। एक तरफ भाजपा शपथग्रहण की तैयारी और दिल्ली में रणनीति बैठक कर रही है, वहीं दूसरी तरफ टीएमसी नेतृत्व चुनाव परिणाम और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है। आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति में और बड़े घटनाक्रम देखने को मिल सकते हैं।



