रायपुर में फर्जी जॉब लेटर गैंग का भंडाफोड़, टीचर-चपरासी ने 34 लोगों से 1.5 करोड़ ठगे

Fake Job Letter Gang: राजधानी रायपुर में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बड़े ठगी गिरोह का खुलासा हुआ है। एक सरकारी शिक्षक और एक निजी स्कूल के क्लर्क ने मिलकर 34 बेरोजगार युवाओं से करीब 1.5 करोड़ रुपए की ठगी कर ली। आरोपियों ने सामान्य प्रशासन विभाग के नाम से फर्जी नियुक्ति आदेश तैयार कर उसे सोशल मीडिया, खासकर व्हाट्सएप पर वायरल किया और लोगों को नौकरी का झांसा देकर मोटी रकम वसूली। यह मामला राखी थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़ितों की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें:- सारंगढ़ में दो सगी बहनों की गई जान, सरगुजा में चाचा-भतीजा डूबे
आरोपियों की पहचान राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ के रहने वाले राजेश शर्मा और मनोज कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है। राजेश शर्मा शासकीय शिक्षक है। जबकि मनोज कुमार श्रीवास्तव निजी स्कूल में क्लर्क है। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल डेटा के आधार पर लोकेशन ट्रेस कर डोंगरगढ़ से दोनों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने सामान्य प्रशासन विभाग के नाम से बेहद प्रोफेशनल तरीके से फर्जी नियुक्ति आदेश तैयार किया था। इस आदेश में परिवहन, राजस्व, वन, पंचायत और स्कूल शिक्षा विभाग में भर्ती का जिक्र किया गया था।

ऐसे फंसते गए बेरोजगार युवक
फर्जी आदेश को असली दिखाने के लिए सचिव और उप-सचिव के डिजिटल हस्ताक्षरों का दुरुपयोग किया गया। इसके बाद इस दस्तावेज को व्हाट्सएप ग्रुप्स और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल किया गया। सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं ने जब यह आदेश देखा तो उसे असली मानकर आरोपियों के संपर्क में आए। आरोपियों ने चयन सुनिश्चित करने का दावा करते हुए अलग-अलग लोगों से मोटी रकम वसूली, लेकिन जब लंबे समय तक नौकरी नहीं मिली तो ठगी का शक गहराया और पीड़ितों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
जब्त हुए उपकरण, IT एक्ट के तहत केस
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल और डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव के कारण उन्होंने इस ठगी की साजिश रची थी। आरोपी कंप्यूटर और प्रिंटर की मदद से फर्जी दस्तावेज तैयार कर मोबाइल के जरिए लोगों तक पहुंचाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कंप्यूटर सेट, प्रिंटर और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग धाराओं और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। (Fake Job Letter Gang)
पुलिस ने लोगों से की अपील
नया रायपुर सीएसपी तुलसी राम लेकम ने लोगों से अपील की है कि सरकारी नौकरी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट और नोटिफिकेशन पर ही भरोसा करें। सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी ऑफर या नियुक्ति पत्र से सतर्क रहें। संदिग्ध मामलों की तुरंत पुलिस में शिकायत करें। सरकारी नौकरी के नाम पर सपने दिखाकर ठगी करने वाले इस गिरोह का पर्दाफाश तो हो गया, लेकिन यह मामला एक बड़ी चेतावनी भी है। डिजिटल दौर में फर्जी दस्तावेज और वायरल मैसेज के जरिए ठगी के तरीके लगातार बदल रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि सतर्क रहें, हर ऑफर को परखें और सिर्फ आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें। वरना नौकरी का सपना, ठगी का जाल बन सकता है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह आशंका है कि ठगी के शिकार लोगों की संख्या और बढ़ सकती है। अन्य संभावित पीड़ितों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।



