Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में स्कूल की दीवार गिरने से 3 बच्चियां घायल, एक का पैर टूटा, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

School Wall Collapse: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के महोबा बाजार इलाके में शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया। सीपीएस स्कूल परिसर की दीवार गिरने से तीन बच्चियां घायल हो गईं। हादसे में एक बच्ची का पैर टूट गया, जबकि दो अन्य बच्चियों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायल बच्चियों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक महोबा बाजार स्थित सीपीएस स्कूल परिसर में गार्डन की मिट्टी समतल करने का काम चल रहा था। स्कूल प्रबंधन की ओर से जेसीबी मशीन के जरिए लेवलिंग कराई जा रही थी। इसी दौरान शाम करीब 5 बजे जेसीबी की टक्कर से स्कूल की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई।

यह भी पढ़ें:- अखिलेश-ममता की मुलाकात पर BJP नेताओं की जुबानी जंग तेज, कहा- दोनों दुखी व्यक्ति एक दूसरे का आंसू पोछने के लिए मिले

घटना के समय पास में खेल रही हिमांशी मेहर, नंदनी साहू और रोशनी मेहर दीवार की चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायल बच्चियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। स्थानीय लोगों के मुताबिक जिस स्कूल परिसर में हादसा हुआ, उसका संचालन राकेश चतुर्वेदी की ओर से किया जाता है। घटना के बाद इलाके में लोगों में नाराजगी देखने को मिली। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि निर्माण और तोड़फोड़ कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिस जगह पर जेसीबी से काम कराया जा रहा था, वहां बच्चों की आवाजाही लगातार बनी हुई थी, बावजूद इसके किसी तरह की बैरिकेडिंग या सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई।

पिता ने की सख्त कार्रवाई की मांग

आरोप यह भी है कि हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना नहीं दी और घायल बच्चियों को आनन-फानन में इलाज के लिए उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया। घायल हिमांशी और रोशनी मेहर के पिता संजीव कुमार मेहर ने मामले में जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि वे मूल रूप से मुंगेली के रहने वाले हैं और ठेकेदार दयाराम साहू के साथ राजमिस्त्री का काम करते हैं। संजीव कुमार ने कहा कि स्कूल प्रबंधन की लापरवाही के कारण बच्चों की जान खतरे में पड़ गई। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। (School Wall Collapse)

Back to top button
error: Content is protected !!