अखिलेश-ममता की मुलाकात पर BJP नेताओं की जुबानी जंग तेज, कहा- दोनों दुखी व्यक्ति एक दूसरे का आंसू पोछने के लिए मिले

Mamata Akhilesh Meeting Politics: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुलाकात पर भाजपा नेताओं ने तीखा हमला बोला है। BJP सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि ममता बनर्जी इंटरनेशनल कोर्ट में जाने के लिए आजाद हैं या फिर वे बंगाल में ही बैठकर अपनी खुद की एक अदालत बना सकती हैं। अभिषेक बनर्जी और ममता बनर्जी कुछ भी कर सकते हैं। वे तो एक नया संविधान भी बना सकते हैं। कड़वी सच्चाई यह है कि शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट की मौत इस बात का महज एक उदाहरण है कि कैसे बंगाल इंटरनेशनल अपराधियों, बांग्लादेशी घुसपैठियों और गैर-कानूनी गतिविधियों का एक मुख्य अड्डा बन गया है। राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने अखिलेश यादव के बयान पर कहा कि जहां कुछ सीटें आ जाती हैं, वहां इनका प्रभाव है और जहां कम आ जाएं, वहां दबाव है। समाजवादी पार्टी के तमाम लोगों ने बिहार में राजद का समर्थन किया, तब राजद हार गई। असम में कांग्रेस का समर्थन किया, वहां उनके अध्यक्ष ही चुनाव हार गए। पश्चिम बंगाल में TMC का समर्थन किया, वो भी हार गए।
यह भी पढ़ें:- ममता बनर्जी के समर्थन में उतरे अखिलेश यादव, कहा- लोकतंत्र बचाने की लड़ाई में हम दीदी के साथ
दोनों दुखी व्यक्ति एक दूसरे का आंसू पोछने के लिए मिले: सिन्हा
बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि अखिलेश यादव ममता बनर्जी से सीखने गए थे, जैसे पश्चिम बंगाल में लोगों ने ममता बनर्जी को उखाड़ फेंका, वैसे ही आने वाले समय में समाजवादी पार्टी का भी वही हाल उत्तर प्रदेश में होना है। इसलिए अच्छा है, पहले ही दोस्ती हो गई। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि हार के बाद ममता बनर्जी को एक बौखलाहट हुई और इसमें उन्होंने गलत निर्णय लिया और संविधान को नहीं माना। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और ममता बनर्जी की मुलाकात पर उन्होंने कहा कि वे वहां ढांढस बंधाने गए थे कि आप तो सिर्फ एक बार हारी हैं, हम दो बार हारे हैं। भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि अखिलेश यादव एक महाहारे हुए पार्टी से हैं और ममता बनर्जी भी महाहारे हुए पार्टी से हैं। दोनों दुखी व्यक्ति एक दूसरे का आंसू पोछने के लिए एक साथ मिले। फिर ममता बनर्जी जाएंगी स्टालिन के पास, क्योंकि उनका भी तो आंसू पोछना है।
ममता ने पश्चिम बंगाल का सत्यानाश किया: सिन्हा
सांसद सिन्हा ने कहा कि TMC का विनाश उनके अपने कारण हुआ है, जिस ढंग से बंगाल को उन्होंने पीछे किया, चोरी , लूट कर पश्चिम बंगाल का सत्यानाश किया और पश्चिम बंगाल को पश्चिम बांग्लादेश बनाने की साजिश चल रही थी, इसलिए सनातनी की सारी शक्ति एकजुट हो गए और ये बंगाल का चुनाव पूरे सनातनी के लिए एक शिक्षा है। भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि दोनों दुखी आकर एक जगह मिले। दोनों एक-दूसरे के आंसू पोछेंगे। अखिलेश यादव भी उत्तर प्रदेश से हट गए और ममता बनर्जी भी हार गई। तमिलनाडु में एक और दुखी हैं एम.के. स्टालिन, वे भी आकर आंसू पोछने का काम करेंगे। इनका आज कोई औचित्य नहीं है। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि अगले साल उत्तर प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव हैं। अखिलेश यादव का भी सूपड़ा साफ होने वाला है। INDI गठबंधन खंड-खंड हो रहा है।
2047 तक भी सपा की सत्ता में वापसी की संभावना नहीं: मौर्य
उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव जो 2024 में गुब्बारे की तरह फूले थे उसकी हवा 2024 से ही निकलनी शुरू हो गई थी और 2026 में ममता बनर्जी चुनाव हार गई। इसके बाद भी अखिलेश यादव का पश्चिम बंगाल जाना दिखाता है कि तनाव बहुत ज्यादा है, 2027 तो दूर 2047 तक भी समाजवादी पार्टी की सत्ता में वापसी की कोई संभावना नहीं है। भाजपा नेता शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि मैं अखिलेश यादव और ममता बनर्जी की निंदा करता हूं। आपको जनता की बात स्पष्ट तौर पर सुननी चाहिए। आपको गणतंत्र की आवाज को स्वीकार करना चाहिए और इस्तीफा देना चाहिए। अखिलेश यादव सावधान हो जाइए। आप वैसे भी 2027 में हार रहे हैं, आपकी जमानत जब्त हो जाएगी। (Mamata Akhilesh Meeting Politics)



