भाटापारा स्टेशन के विकास को लेकर विधायक इंद्र साव की पहल, राजधानी-वंदे भारत समेत कई ट्रेनों के ठहराव की मांग
यात्री सुविधाओं के विस्तार हेतु रेलवे महाप्रबंधक तरुण प्रकाश को सौंपा विस्तृत ज्ञापन
भाटापारा। इंद्र साव ने रेलवे यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार और भाटापारा स्टेशन के समग्र विकास को लेकर रेलवे महाप्रबंधक तरुण प्रकाश से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। महाप्रबंधक तरुण प्रकाश अपने मातहत अधिकारियों के साथ भाटापारा रेलवे स्टेशन के निरीक्षण पर पहुंचे थे। इस दौरान विधायक इंद्र साव अपने समर्थकों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ उनसे मिले और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों को प्रमुखता से रखा।
विधायक इंद्र साव ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि भाटापारा रेलवे स्टेशन केवल बलौदाबाजार-भाटापारा संयुक्त जिले का ही नहीं, बल्कि रेल विहीन जिलों मुंगेली, बेमेतरा एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ क्षेत्रों का भी प्रमुख और निकटतम रेलवे स्टेशन है। यह स्टेशन बलौदाबाजार, बिलाईगढ़, कसडोल, नवागढ़ एवं भाटापारा विधानसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करता है। क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनेक बड़े सीमेंट उद्योग स्थापित होने के बावजूद यहां रेल यात्री सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।

ज्ञापन में प्रमुख मांगें शामिल
विधायक इंद्र साव ने रेलवे महाप्रबंधक के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं, जिनमें :-
- ईस्ट केबिन हटरी बाजार LC गेट स्थित RUB सड़क का डामरीकरण एवं आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था
- अमृत भारत स्टेशन निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करना
- 12441/12442 बिलासपुर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस का भाटापारा में ठहराव
- 20825/20826 बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का स्टॉपेज
- 12851/12852 बिलासपुर-चेन्नई एक्सप्रेस एवं 22939/22940 बिलासपुर-ओखा एक्सप्रेस का ठहराव
- रायपुर-बिलासपुर के मध्य कम से कम दो अतिरिक्त लोकल ट्रेनें चलाना
- 08261/08262 बिलासपुर-येलहांका एक्सप्रेस को 18261/18262 नंबर से पुनः प्रारंभ करना
- 12771/12772 सिकंदराबाद-रायपुर एक्सप्रेस को भाटापारा होते हुए बिलासपुर तक विस्तारित करना
- प्लेटफार्म क्रमांक 3 एवं 4 में मिस्ट कूलिंग सिस्टम लगाना
- यात्रियों के लिए स्टील चेयर एवं ठंडे पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था
- नए प्लेटफार्म नंबर 5 पर रायपुर दिशा से आने वाली डाउन ट्रेनों का संचालन
- सभी ग्रीष्मकालीन, शीतकालीन, पूजा, होली एवं दिवाली स्पेशल ट्रेनों का स्थायी ठहराव
- बिलासपुर से बालोद, गुण्डरदेही एवं दल्लीराजहरा तक सीधी डेमू/मेमू ट्रेन शुरू करना
- ऑटो रिक्शा चालकों के लिए स्थायी स्टैंड निर्माण
- रेलवे कॉलोनी की ओर टिकट काउंटर खोलना
- लिफ्ट एवं एस्केलेटर की सुविधा उपलब्ध कराना
रेलवे महाप्रबंधक ने दिया सकारात्मक आश्वासन
विधायक इंद्र साव द्वारा प्रस्तुत मांगों पर रेलवे महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। निरीक्षण एवं मुलाकात के दौरान रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कांग्रेस के दिवाकर मिश्रा, आलोक मिश्रा, राजकुमार शर्मा, नानू सोनी, नितिन शुक्ला, मुकेश साहू, विक्की ठाकुर, हलधर शर्मा, मोहन निषाद, ओमप्रकाश यदु, हेमंत वर्मा, गोविंद साहू, शशांक बंजारे एवं विजय महिलांगे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




