रायपुर में ज्वेलर्स शॉप को चोरों ने बनाया निशाना, 1 करोड़ के गहने गायब

रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने दुकान में घुसकर करीब 1 करोड़ रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए।
जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 12:30 बजे की है। चोर बंद दुकान को निशाना बनाकर बड़ी मात्रा में ज्वेलरी लेकर फरार हो गए। वारदात की जानकारी सोमवार सुबह तब हुई, जब कारोबारी दुकान खोलने पहुंचा। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और ज्वेलरी गायब मिली।
सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने फिंगरप्रिंट समेत अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वारदात को पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- PM मोदी की अपील पर INDIA गठबंधन का हमला, बोले- चुनाव में करोड़ों फूंके, अब जनता से बचत की अपील क्यों ?



