छत्तीसगढ़ में PM मोदी की अपील पर सियासत, कांग्रेस बोली- पहले नेता छोड़ें लग्जरी गाड़ियां, मंत्रियों ने किया पलटवार

Politics on Fuel Appeal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल, गैस और संसाधनों की बचत को लेकर की गई अपील पर छत्तीसगढ़ में सियासत जारी है। PCC चीफ दीपक बैज ने प्रधानमंत्री की अपील पर सवाल उठाते हुए कहा कि बचत की शुरुआत नेताओं और सरकारों को खुद से करनी चाहिए। वहीं राज्य सरकार के मंत्रियों ने प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन करते हुए इसे समय की जरूरत बताया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पहले अपने नेताओं और मुख्यमंत्रियों से कहना चाहिए कि वे लक्जरी गाड़ियों और हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल कम करें। बैज ने तंज कसते हुए कहा कि अगर छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार मनाया जा रहा है तो मुख्यमंत्री और मंत्री साइकिल से गांवों तक जाएं। उन्होंने कहा कि जनता को बचत का संदेश देने से पहले सरकार को खुद उदाहरण पेश करना चाहिए।
यह भी पढ़ें:- PM नरेंद्र मोदी की अपील पर छत्तीसगढ़ में राजनीतिक घमासान, कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा
बैज ने कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम जनता पहले से ही पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों से परेशान है। ऐसे में सरकार की अपील जनता पर बोझ डालने जैसी लगती है। कांग्रेस ने इसे जनता पर जिम्मेदारी डालने की कोशिश बताया। वहीं कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश के मंत्री किसी तामझाम में नहीं चलते। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया युद्ध और आर्थिक संकट के दौर से गुजर रही है और भारत तेल उत्पादक देशों में शामिल नहीं है। देश को पेट्रोलियम पदार्थों के लिए विदेशों पर निर्भर रहना पड़ता है। जायसवाल ने कहा कि भविष्य में तेल और महंगा हो सकता है, जिससे देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर असर पड़ेगा। (Politics on Fuel Appeal)
सिर्फ पेट्रोल-डीजल नहीं, पानी बचाने की भी जरूरत: जायसवाल
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने फिजूलखर्ची कम करने और संसाधनों के संरक्षण की अपील की है, जो पूरी तरह उचित है। मंत्री ने कहा कि सिर्फ पेट्रोल-डीजल ही नहीं, बल्कि पानी बचाने की भी जरूरत है। साथ ही सोने की खरीद पर भी उन्होंने कहा कि सोना विदेशों से आता है, इसलिए ज्यादा खरीदारी से देश का पैसा बाहर जाता है। इधर, वन मंत्री केदार कश्यप ने भी प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा खर्च कम करने की कोशिश करती है और मैं खुद भी कई बार इलेक्ट्रिक गाड़ी का इस्तेमाल करता हूं। कश्यप ने कहा कि सरकार स्तर पर भी इस दिशा में विचार किया जाएगा और जहां जरूरत होगी वहां संसाधनों के सीमित उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। (Politics on Fuel Appeal)
छत्तीसगढ़ में सियासी बयानबाजी तेज
वन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की बातों को अगले एक साल तक अपनी दिनचर्या में शामिल करने की जरूरत है, ताकि ऊर्जा और संसाधनों की बचत सुनिश्चित हो सके। प्रधानमंत्री की अपील को लेकर छत्तीसगढ़ में अब सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस जहां सरकार पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगा रही है, वहीं भाजपा नेता इसे आर्थिक और राष्ट्रीय हित से जुड़ा मुद्दा बता रहे हैं। आने वाले दिनों में यह मुद्दा राजनीतिक बहस का बड़ा विषय बन सकता है। कुल मिलाकर प्रधानमंत्री की बचत वाली अपील अब राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गई है। कांग्रेस सरकार और नेताओं की जीवनशैली पर सवाल उठा रही है तो बीजेपी इसे देशहित और भविष्य की जरूरत बता रही है। अब देखना होगा कि ये अपील सिर्फ भाषणों तक सीमित रहती है या फिर सत्ता और राजनीति में भी इसकी झलक दिखाई देती है।



