छत्तीसगढ़ में साय मंत्रिमंडल में बड़े फेरबदल की चर्चा तेज, 3 से 4 मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी

Cabinet Expansion Speculation: छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर बड़ा राजनीतिक बदलाव चर्चा का विषय बन गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में जल्द ही फेरबदल और विस्तार की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चाओं के मुताबिक मंत्रिमंडल में 3 से 4 मंत्रियों को बदला जा सकता है, जबकि कुछ नए चेहरों को कैबिनेट में जगह मिल सकती है। सूत्रों के अनुसार यह बदलाव सिर्फ राज्य स्तर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका असर राष्ट्रीय संगठन तक भी देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें:- पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों से बचें: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
चर्चा यह भी है कि छत्तीसगढ़ से कुछ वरिष्ठ नेताओं को पार्टी के केंद्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। प्रदेश के दोनों डिप्टी CM अरुण साव और विजय शर्मा में से किसी एक को राष्ट्रीय संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना भी जताई जा रही है। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर संभावित नामों की सूची भी सामने आने लगी है, जिन नेताओं के नामों की सबसे ज्यादा चर्चा है, उनमें लता उसेंडी, पुरंदर मिश्रा, राजेश मूणत, सुशांत शुक्ला और भावना बोहरा शामिल हैं। इन नामों को लेकर पार्टी के भीतर मंथन तेज है और माना जा रहा है कि क्षेत्रीय और जातीय संतुलन के साथ-साथ संगठनात्मक अनुभव को भी ध्यान में रखकर अंतिम सूची तैयार की जाएगी।
महिला प्रतिनिधित्व पर भी नजर
सूत्रों का कहना है कि इस बार मंत्रिमंडल में महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने पर भी जोर दिया जा सकता है। इसी वजह से एक महिला डिप्टी CM बनाए जाने की भी अटकलें राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर रही हैं। मंत्रिमंडल विस्तार और संगठनात्मक बदलाव की संभावनाओं ने राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। हालांकि भाजपा की ओर से अभी तक किसी भी तरह की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन संकेत यही हैं कि आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ की राजनीति में बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। (Cabinet Expansion Speculation)



