Amit Shah Chhattisgarh Visit : अमित शाह के दौरे से छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात, हर जिले में शुरू होगी डायल-112 सेवा

Amit Shah Chhattisgarh Visit : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा अभियानों के बाद अब केंद्र सरकार बस्तर को विकास और जनसुविधाओं के नए मॉडल के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
गृह मंत्री आज 17 मई से रायपुर और बस्तर में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान वे प्रदेशभर में विस्तारित डायल-112 सेवा का शुभारंभ करेंगे और करीब 400 अत्याधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाएंगे।
सभी 33 जिलों तक पहुंचेगी डायल-112 सेवा
जानकारी के अनुसार अमित शाह 17 मई की शाम रायपुर पहुंचेंगे। अगले दिन 18 मई को रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में वे नेक्स्ट जेन डायल-112 सेवा की शुरुआत करेंगे। अभी तक यह सुविधा प्रदेश के 16 जिलों में संचालित थी, जिसे अब सभी 33 जिलों तक विस्तारित किया जा रहा है।
नई व्यवस्था के तहत पुलिस, मेडिकल इमरजेंसी, फायर सर्विस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को तकनीक आधारित इंटीग्रेटेड रिस्पॉन्स सिस्टम से जोड़ा जाएगा। इसके लिए प्रदेशभर के थानों में करीब 400 नई डायल-112 गाड़ियां तैनात की जाएंगी, जिससे आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
फॉरेंसिक साइंस नेटवर्क को भी मिलेगी मजबूती
केंद्रीय गृह मंत्री प्रदेश के सभी 33 जिलों के लिए अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स को भी रवाना करेंगे। इन चलित फॉरेंसिक वाहनों के जरिए घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच संभव हो सकेगी। इससे अपराध जांच की प्रक्रिया तेज होने के साथ तकनीकी साक्ष्यों को मजबूत आधार मिलेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि नई फॉरेंसिक सुविधाओं से अपराधों की जांच अधिक प्रभावी होगी और मामलों के जल्द खुलासे में मदद मिलेगी। राज्य सरकार इसे कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम मान रही है।
बस्तर में शुरू होगा नया विकास मॉडल
अमित शाह अपने दौरे के दौरान बस्तर क्षेत्र के नेतानार में भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां सुरक्षा कैंपों को जनसुविधा केंद्रों के रूप में विकसित किया गया है, जहां स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रशासनिक सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। (Amit Shah Chhattisgarh Visit)
केंद्र सरकार इसे नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास आधारित मॉडल की नई शुरुआत के रूप में देख रही है। इसके अलावा मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे, जहां सुरक्षा, सीमावर्ती मुद्दों और विकास योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। (Amit Shah Chhattisgarh Visit)



