छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) रायपुर केंद्र के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में आज सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु क्षेत्र में बने सिस्टम का असर अभी भी छत्तीसगढ़ पर बना हुआ है। इसी कारण प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश होने के आसार हैं।
रायपुर समेत कई जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर, कोरबा, कांकेर और बस्तर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है।

राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जबकि सुबह और रात के समय मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस हो सकता है। रविवार देर रात हुई बारिश के बाद सोमवार सुबह राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम सुहावना बना रहा।
बस्तर और उत्तर छत्तीसगढ़ में बादलों का असर
मौसम विभाग ने बताया कि बस्तर संभाग और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में बादल छाए रहने की संभावना अधिक है। वहीं कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है।
कई जिलों में हुई बारिश, गर्मी से मिली राहत
पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। रायपुर में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। (CG Weather Update)
जगदलपुर में 36.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पेंड्रारोड और अंबिकापुर समेत कई क्षेत्रों में भी बारिश हुई। बारिश और तेज हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि कुछ स्थानों पर पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की घटनाएं भी सामने आई हैं। (CG Weather Update)
यह भी पढ़े :- Rashifal 18 May 2026: आज सोमवार का राशिफल, क्या कहती है आपकी राशि, कैसा रहेगा आपका दिन, जानें सभी राशियों का भविष्यफल



