FIFA वर्ल्ड कप से पहले मेक्सिको में खूनी खेल, 10 लोगों की गोली मारकर हत्या, सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

Mass Murder in Mexico: मेक्सिको के पुएब्ला राज्य में रविवार तड़के हुए एक बड़े गोलीकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस हमले में 10 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की तलाश में जुटी हैं, लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक यह हमला पुएब्ला राज्य के तेहुइत्जिंगो शहर में हुआ। पड़ोसियों ने देर रात गोलियों की आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को एक घर के अंदर कई लोग गोली लगने से घायल अवस्था में मिले। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन एक महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें:- भाजपा विधायक का मोबाइल छीनकर भागा युवक चढ़ा पुलिस के हत्थे, बाइक-मोबाइल बरामद
अधिकारियों ने फिलहाल मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। घटना की जांच में नेशनल गार्ड, राज्य पुलिस, स्थानीय पुलिस, अटॉर्नी जनरल ऑफिस और इंटेलिजेंस एजेंसियों की टीमें शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि हमले के पीछे कौन लोग हैं और हत्या की वजह क्या है, इसकी जांच की जा रही है। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब मेक्सिको अगले महीने शुरू होने वाले FIFA वर्ल्ड कप की सह-मेजबानी करने जा रहा है। मेक्सिको सिटी, मॉन्टेरी और ग्वाडलहारा में कुल 13 मैच खेले जाने हैं। ऐसे में लगातार बढ़ती हिंसक घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम पहले ही वर्ल्ड कप के दौरान 1 लाख सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का ऐलान कर चुकी हैं। इसके बावजूद देश में हो रही सामूहिक हत्याओं और गैंगवार की घटनाएं सरकार के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। (Mass Murder in Mexico)
ड्रग कार्टेल हिंसा से जूझ रहा मेक्सिको
मेक्सिको लंबे समय से ड्रग कार्टेल और संगठित अपराध से जुड़ी हिंसा से परेशान है। मध्य मेक्सिको के कई इलाकों में हाल के महीनों में गैंगवार और हत्याओं की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक लगातार हो रही हिंसा के चलते 800 से 1,000 परिवार अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि पुएब्ला और आसपास के इलाकों में सक्रिय ड्रग कार्टेल आपसी वर्चस्व की लड़ाई में लगातार हिंसक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इसी साल फरवरी में मेक्सिको की सेना ने एक बड़े ऑपरेशन में देश के कुख्यात ड्रग माफिया सरगना एल मेंचो को मार गिराया था। एल मेंचो जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल (CJNG) का प्रमुख था, जिसे मेक्सिको के सबसे खतरनाक ड्रग सिंडिकेट्स में गिना जाता है। (Mass Murder in Mexico)
मेक्सिको सरकार के सामने बड़ी चुनौती
ऑपरेशन के बाद उसके समर्थकों ने कई शहरों में आगजनी, तोड़फोड़ और हिंसा फैलाई थी। हाईवे जाम किए गए और कई वाहनों में आग लगा दी गई थी। अमेरिकी सरकार ने एल मेंचो पर करीब 136 करोड़ रुपए का इनाम घोषित किया था। मेक्सिको में पिछले कुछ महीनों के दौरान हिंसक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है। 20 अप्रैल 2026 को मेक्सिको सिटी के पास स्थित UNESCO वर्ल्ड हेरिटेज साइट टेओतिहुआकान में हुई फायरिंग में कनाडा के एक पर्यटक की मौत हो गई थी, जबकि 13 लोग घायल हुए थे। इससे पहले 23 फरवरी 2026 को पुएब्ला में एक वाहन पर हुए हमले में 3 लोगों की जान चली गई थी। वहीं 15 फरवरी 2026 को पुएब्ला राज्य के हुएहुएतलान एल ग्रांडे इलाके में 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 25 जनवरी 2026 को गुआनाहुआतो के सलामांका में फुटबॉल मैदान के पास हुई फायरिंग में 11 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 16 दिसंबर 2025 को अपासेओ एल ग्रांडे में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान हुई गोलीबारी में 8 लोगों की जान चली गई थी।
वर्ल्ड कप से पहले बढ़ी चिंता
लगातार बढ़ती सामूहिक हत्याएं, ड्रग कार्टेल की खूनी गैंगवार और खुलेआम हो रही फायरिंग की घटनाएं अब मेक्सिको की कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रही हैं। खासतौर पर ऐसे समय में जब दुनिया का सबसे बड़ा फुटबॉल टूर्नामेंट FIFA वर्ल्ड कप शुरू होने वाला है, तब इस तरह की घटनाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता बढ़ा रही हैं। सरकार भले ही लाखों सुरक्षा बलों की तैनाती और सख्त कार्रवाई का दावा कर रही हो, लेकिन जमीन पर हालात अब भी भयावह नजर आ रहे हैं। पुएब्ला में 10 लोगों की हत्या ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि ड्रग कार्टेल और संगठित अपराधी नेटवर्क अब भी बेहद मजबूत हैं और आम नागरिक लगातार उनकी हिंसा का शिकार बन रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में मेक्सिको सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ अपराधियों को पकड़ना नहीं, बल्कि देश और दुनिया को यह भरोसा दिलाना भी होगा कि वर्ल्ड कप जैसे वैश्विक आयोजन के दौरान खिलाड़ियों, पर्यटकों और आम लोगों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जा सकेगी।



