भाजपा विधायक का मोबाइल छीनकर भागा युवक चढ़ा पुलिस के हत्थे, बाइक-मोबाइल बरामद
रायपुर। भाजपा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूटकर फरार हुए आरोपी को रायपुर पुलिस ने घटना के महज 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, आज सोमवार सुबह धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के लिए अपने शासकीय निवास से निकले थे। सुबह करीब 7:15 बजे पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे एक बाइक सवार युवक उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्राइम ब्रांच सहित विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के संभावित मार्गों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की पहचान कर कुछ ही घंटों में उसे हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव (19) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के राजीव नगर क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी कभी-कभी रैपिडो चलाने का काम भी करता था।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कहा है कि राजधानी में होने वाले हर अपराध को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र पहचान, गिरफ्तारी और चोरी अथवा लूटे गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस ने भविष्य में भी इसी तरह त्वरित एवं सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
यह भी पढ़े :- बस्तर में सुशासन का सफर: अब गाँव की चौखट तक पहुँची बस सेवा



