Heatwave in India: 28 मई तक आग उगलेंगे आसमान, भीषण लू और उमस से देश बेहाल
Heatwave in India: उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि देश के कोर हीटवेव जोन (CHZ) में 28 मई तक गंभीर से अति गंभीर लू की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार इस बार सिर्फ दिन का तापमान ही नहीं, बल्कि रातों की बढ़ती गर्मी और उमस भी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है।
कई राज्यों में रेड अलर्ट
IMD के मुताबिक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 24 से 27 मई के बीच अति भीषण लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश में 28 मई तक तेज गर्म हवाओं और अत्यधिक तापमान की संभावना जताई गई है।
बुंदेलखंड के बांदा जिले में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। बिहार के कई जिलों में भी लू जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राहत मिलने की संभावना कम है, हालांकि बाद में कुछ इलाकों में हल्की आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट आ सकती है।
छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भी असर
विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में भी अलग-अलग तारीखों में हीटवेव का असर देखने को मिलेगा।
‘गर्म रातें’ बढ़ा रहीं खतरा
इस बार रात के तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार रात में तापमान कम नहीं होने से शरीर को दिनभर की गर्मी से राहत नहीं मिल पाती, जिससे हीट स्ट्रोक और दिल संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
IMD के आंकड़ों के अनुसार देश में रात का औसत तापमान हर दशक में लगभग 0.21 डिग्री सेल्सियस की दर से बढ़ रहा है। बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में इसका असर ज्यादा देखा जा रहा है।
उमस ने बढ़ाई परेशानी
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पाकिस्तान के सिंध क्षेत्र और राजस्थान से आने वाली गर्म हवाओं के कारण हालात और गंभीर हो गए हैं। इसके साथ ही हवा में नमी बढ़ने से उमस का असर तेज हो गया है।
दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में तापमान के साथ भारी उमस लोगों को ज्यादा परेशान कर रही है। पसीना सूख नहीं पाने के कारण शरीर का तापमान नियंत्रित नहीं हो पा रहा, जिससे गर्मी का असर और खतरनाक बन रहा है।
जलवायु परिवर्तन बना बड़ी वजह
वैज्ञानिकों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण इस साल गर्मी का असर और बढ़ गया है। एक रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान मौसम पिछले दशकों की तुलना में करीब 2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा गर्म हो चुका है। शहरी क्षेत्रों में कंक्रीट, डामर की सड़कें और घटते पेड़ों की संख्या भी रात में तापमान कम नहीं होने दे रही है। (Heatwave in India)
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। (Heatwave in India)
यह भी पढ़े :- राहत देने वाला AC कहीं बढ़ा तो नहीं रहा खतरा ? AC बन रहा नई बीमारियों और ग्लोबल वार्मिंग की वजह !



