Google Analytics —— Meta Pixel

बिलासपुर में लू से बुजुर्ग की मौत, बाजार में मिला शव, छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन हीटवेव का अलर्ट

Chhattisgarh Heat Wave Alert: छत्तीसगढ़ इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। इसी बीच बिलासपुर जिले से दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां लू लगने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मामला जोंधरा गांव का है, जहां शुक्रवार सुबह बाजार क्षेत्र में एक जूता दुकान के बाहर करीब 75 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला। स्थानीय लोगों के मुताबिक बुजुर्ग पिछले दो महीनों से गांव में भीख मांगकर अपना गुजारा कर रहा था और पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब थी। भीषण गर्मी और तेज लू के कारण वह बाजार के आसपास ही पड़ा रहता था।

यह भी पढ़ें:- वेनेजुएला बना भारत का तीसरा सबसे बड़ा तेल सप्लायर, सऊदी और अमेरिका पीछे छूटे

सुबह लोगों ने उसे अचेत हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती आशंका लू लगने से मौत की जताई जा रही है। लगातार बढ़ती गर्मी और लू के कारण प्रदेश में स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ने लगे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि लंबे समय तक तेज धूप में रहने और शरीर में पानी की कमी होने से हीट स्ट्रोक की स्थिति बन सकती है, जो कई बार जानलेवा साबित होती है। इधर, मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के मध्य हिस्सों में अगले पांच दिनों तक हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में विशेष गिरावट के आसार नहीं हैं। शुक्रवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

रायपुर में 44.2 डिग्री तापमान

वहीं रायपुर में 44.2 डिग्री, राजनांदगांव में 44.7 डिग्री, बिलासपुर में 44 डिग्री, जगदलपुर में 42.4 डिग्री और अंबिकापुर में 41.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। रात के समय भी गर्म हवाओं से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में गर्मी बढ़ने के पीछे दो बड़े मौसम सिस्टम सक्रिय हैं। पहला ओडिशा में बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन है, जो गर्म हवा और नमी को अपनी ओर खींच रहा है। इससे वातावरण में उमस बढ़ रही है लेकिन बारिश की स्थिति नहीं बन पा रही। दूसरा सिस्टम उत्तरप्रदेश से ओडिशा तक बनी ट्रफ लाइन है, जो छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। इसके कारण गर्म हवाएं लगातार सक्रिय बनी हुई हैं और प्रदेश में लू जैसे हालात बन रहे हैं। (Chhattisgarh Heat Wave Alert)

12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से नहीं निकलने की सलाह

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बिना जरूरी काम घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है। बिलासपुर स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि लोग ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं, शरीर को हाइड्रेट रखें और तेज धूप से बचें। इमरजेंसी के लिए हेल्पलाइन नंबर 87706-64365 और 75870-38622 भी जारी किए गए हैं। भीषण गर्मी का असर आम जनजीवन पर भी दिखाई देने लगा है। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है और लोग धूप से बचने के लिए गन्ने का रस, नींबू पानी और ठंडे पेय का सहारा ले रहे हैं। 

पंखे और कूलर भी बेअसर 

रायगढ़ समेत कई जिलों में हालात ऐसे हैं कि पंखे और कूलर भी बेअसर नजर आ रहे हैं। बुधवार को हल्की बूंदाबांदी हुई थी, लेकिन उससे उमस और ज्यादा बढ़ गई। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि लंबे समय तक धूप में रहने से शरीर में पानी की कमी, चक्कर, उल्टी, कमजोरी और बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को हल्के और सूती कपड़े पहनने, खाली पेट धूप में बाहर न निकलने और तला-भुना भोजन कम खाने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले दो दिनों तक राहत मिलने की संभावना नहीं है। कई इलाकों में लू चल सकती है और तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। (Chhattisgarh Heat Wave Alert)

Back to top button
error: Content is protected !!