वेनेजुएला बना भारत का तीसरा सबसे बड़ा तेल सप्लायर, सऊदी और अमेरिका पीछे छूटे

Venezuela India oil Supplier: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और होर्मुज स्ट्रेट संकट के बीच वैश्विक तेल बाजार में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। सप्लाई बाधित होने के बाद वेनेजुएला भारत का तीसरा सबसे बड़ा कच्चा तेल सप्लायर बनकर उभरा है। एनर्जी ट्रैकिंग एजेंसी केप्लर के मुताबिक मई 2026 में वेनेजुएला ने सऊदी अरब और अमेरिका दोनों को पीछे छोड़ दिया है। फिलहाल भारत को सबसे ज्यादा तेल रूस से मिल रहा है, जबकि दूसरे नंबर पर UAE और तीसरे स्थान पर वेनेजुएला है। केप्लर डेटा के मुताबिक मई में भारत ने वेनेजुएला से करीब 4.17 लाख बैरल प्रतिदिन कच्चा तेल खरीदा है। अप्रैल में यह आंकड़ा 2.83 लाख बैरल प्रतिदिन था।
यह भी पढ़ें:- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बोले- तानाशाह कहो तो चलेगा, बेवकूफ मत कहो, बांग्लादेश को लेकर भारत की बढ़ी चिंता
खास बात यह है कि इससे पहले लगातार 9 महीने तक भारत ने वेनेजुएला से कोई तेल नहीं खरीदा था। होर्मुज स्ट्रेट संकट और पश्चिम एशिया में युद्ध के बाद भारतीय कंपनियों ने सस्ते विकल्पों की तलाश तेज की, जिसके चलते वेनेजुएला का भारी और हाई-सल्फर कच्चा तेल फिर से भारत के लिए आकर्षक बन गया। रूस फिलहाल भारत का सबसे बड़ा तेल सप्लायर बना हुआ है और वहां से करीब 23 लाख बैरल प्रतिदिन तेल आ रहा है। इसके बाद UAE से करीब 4.40 लाख बैरल प्रतिदिन और वेनेजुएला से 4.17 लाख बैरल प्रतिदिन तेल की सप्लाई हो रही है। वहीं सऊदी अरब की सप्लाई घटकर 3.40 लाख बैरल प्रतिदिन और अमेरिका की 3.10 लाख बैरल प्रतिदिन रह गई है। (Venezuela India oil Supplier)
भारत ने बढ़ाई वेनेजुएला से तेल खरीद
विशेषज्ञों का कहना है कि भारतीय रिफाइनरियां खासतौर पर गुजरात स्थित रिलायंस की रिफाइनरी वेनेजुएला के भारी तेल को प्रोसेस करने में सक्षम हैं। यही वजह है कि भारतीय कंपनियों ने वेनेजुएलाई तेल की खरीद तेजी से बढ़ाई है। केप्लर के एनालिस्ट निखिल दुबे के मुताबिक वेनेजुएला का तेल सस्ता होने के साथ भारतीय रिफाइनिंग सिस्टम के अनुकूल भी है, इसलिए यह भारतीय कंपनियों के लिए फायदे का सौदा साबित हो रहा है। भारत का कुल कच्चा तेल आयात मई में बढ़कर 49 लाख बैरल प्रतिदिन पहुंच गया है, जो अप्रैल के मुकाबले करीब 8 प्रतिशत ज्यादा है। हालांकि यह फरवरी के 52 लाख बैरल प्रतिदिन के स्तर से अभी भी नीचे है। फरवरी के बाद ईरान युद्ध और होर्मुज संकट ने पश्चिम एशिया से तेल सप्लाई को बुरी तरह प्रभावित किया।
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भारत को मिला नया विकल्प
ईरान से भारत को अप्रैल में सात साल बाद फिर तेल मिला था, क्योंकि अमेरिकी प्रतिबंधों में कुछ ढील दी गई थी। लेकिन मई में अब तक ईरानी तेल भारत नहीं पहुंचा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी की वजह से ईरान के बंदरगाहों से तेल सप्लाई प्रभावित हुई है। वहीं इराक से सप्लाई दोबारा शुरू जरूर हुई है, लेकिन यह पहले की तुलना में बेहद कम है। मई में भारत को इराक से केवल करीब 51 हजार बैरल प्रतिदिन तेल मिला, जबकि फरवरी में यह आंकड़ा 9.69 लाख बैरल प्रतिदिन था। सऊदी अरब की सप्लाई में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। अप्रैल में भारत को सऊदी अरब से 6.7 लाख बैरल प्रतिदिन तेल मिला था, जो मई में घटकर करीब 3.4 लाख बैरल प्रतिदिन रह गया। माना जा रहा है कि सऊदी अरब द्वारा कीमतें बढ़ाए जाने के कारण भारतीय कंपनियां सस्ते विकल्पों की ओर शिफ्ट हुई हैं।
सस्ते तेल ने बदला समीकरण
पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बाद भारत ने रूस से तेल खरीद भी तेजी से बढ़ाई है। मार्च में मिडिल ईस्ट से भारत को मिलने वाला कच्चा तेल फरवरी के मुकाबले 61 प्रतिशत घटकर 11.8 लाख बैरल प्रतिदिन रह गया, जबकि इसी दौरान रूस से सप्लाई लगभग दोगुनी होकर 23 लाख बैरल प्रतिदिन पहुंच गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक जो रूसी तेल पहले भारत को डिस्काउंट पर मिलता था, अब वही प्रीमियम कीमत पर बेचा जा रहा है। इस बीच अमेरिका भी वेनेजुएलाई तेल को फिर से वैश्विक बाजार में मजबूत जगह दिलाने की कोशिश में जुटा है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि अमेरिका चाहता है कि भारत ज्यादा से ज्यादा अमेरिकी और वेनेजुएलाई तेल खरीदे। उन्होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में भारत के साथ सहयोग बढ़ाने की बड़ी संभावनाएं हैं।
अगले हफ्ते भारत आ सकती हैं कार्यवाहक राष्ट्रपति
बताया जा रहा है कि वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज अगले हफ्ते भारत दौरे पर आ सकती हैं। इस दौरान तेल आपूर्ति और ऊर्जा सहयोग को लेकर अहम बातचीत होने की संभावना है। करीब 303 अरब बैरल तेल भंडार के साथ वेनेजुएला दुनिया का सबसे बड़ा तेल भंडार वाला देश माना जाता है। यह भंडार सऊदी अरब और अमेरिका से भी ज्यादा है। हालांकि वर्षों तक अमेरिकी प्रतिबंधों और सरकारी कुप्रबंधन की वजह से वहां का तेल उत्पादन प्रभावित रहा। अब बदलते वैश्विक हालात के बीच वेनेजुएला फिर से अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। दुनिया में सबसे ज्यादा कच्चे तेल के भंडार वाले देशों में वेनेजुएला पहले स्थान पर है। इसके बाद सऊदी अरब, ईरान, इराक, कुवैत, UAE, रूस, अमेरिका, लीबिया और नाइजीरिया का नाम शामिल है।
भारत के लिए राहत बना वेनेजुएला
होर्मुज स्ट्रेट संकट का असर भारत की समुद्री सुरक्षा पर भी पड़ा है। भारतीय अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल भारत के 13 जहाज खाड़ी क्षेत्र में फंसे हुए हैं। भारत पहले इन जहाजों को सुरक्षित निकालने की कोशिश कर रहा है, उसके बाद ही नए जहाज ईंधन लेने भेजे जाएंगे। हाल के दिनों में होर्मुज स्ट्रेट और ओमान तट के पास कई जहाजों पर हमले की घटनाएं सामने आई हैं। एक भारतीय झंडे वाला मालवाहक जहाज आग लगने के बाद डूब भी गया था। इन हालात ने वैश्विक तेल सप्लाई चेन को प्रभावित कर दिया है और दुनिया अब वैकल्पिक तेल स्रोतों की तलाश में जुटी है। इसी बदलते समीकरण के बीच वेनेजुएला भारत के लिए एक बड़े विकल्प के रूप में उभरकर सामने आया है। (Venezuela India oil Supplier)



