Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में एक्सट्रीम स्तर पर UV इंडेक्स, सुबह 11 बजे के बाद बाहर निकलना खतरनाक

Extreme UV Heat Danger: छत्तीसगढ़ में पड़ रही झुलसाने वाली गर्मी के बीच अब UV रेज का खतरा भी तेजी से बढ़ गया है। प्रदेश में UV इंडेक्स 11 यानी एक्सट्रीम स्तर तक पहुंच गया है, जिसे स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक माना जाता है। मौसम विभाग और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान कुछ ही मिनटों में त्वचा और आंखों को गंभीर नुकसान हो सकता है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सुबह 8 बजे UV इंडेक्स 1 रहता है, लेकिन जैसे-जैसे सूरज की तपिश बढ़ती है, यह तेजी से ऊपर पहुंच जाता है। 

यह भी पढ़ें:- बिलासपुर में लू से बुजुर्ग की मौत, बाजार में मिला शव, छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन हीटवेव का अलर्ट

सुबह 9 बजे तक यह 5, 10 बजे तक 9 और 11 से 12 बजे के बीच 11 के स्तर पर पहुंच रहा है। दोपहर 1 बजे तक भी इसका स्तर 9 बना रहता है, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक माना जाता है। विशेषज्ञों के मुताबिक UV इंडेक्स 11+ का मतलब है कि बिना सुरक्षा के धूप में निकलने पर कुछ ही मिनटों में सनबर्न और त्वचा झुलसने की समस्या हो सकती है। रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल के डर्मेटोलॉजी विभाग के HOD डॉ. मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि तेज UV रेज के कारण आंखों में जलन, एलर्जी, स्किन इंफेक्शन, फंगल इंफेक्शन, डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के मामले बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि गर्मियों में लगातार पसीना आने और उमस बढ़ने से दाद-खाज, फोड़े-फुंसी और घमौरियों जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ती हैं। 

ढीले और सूती कपड़े पहनने की सलाह

डॉक्टरों ने लोगों को ढीले और सूती कपड़े पहनने, टाइट सिंथेटिक कपड़ों से बचने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। भीषण गर्मी का असर सिर्फ शरीर पर ही नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार हाई टेम्परेचर के कारण लोगों में चिड़चिड़ापन, बेचैनी, थकान, कम नींद और गुस्से जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। ‘इंटरनेशनल जर्नल ऑफ एनवायर्नमेंटल रिसर्च एंड पब्लिक हेल्थ’ में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार गर्मियों में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में करीब 8 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखी जाती है। डिहाइड्रेशन और खराब नींद मानसिक संतुलन को प्रभावित करते हैं। (Extreme UV Heat Danger)

इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर भी असर

गर्मी का असर इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर भी दिखाई देने लगा है। तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंचने के कारण मोबाइल, लैपटॉप और पावर बैंक तेजी से गर्म हो रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक अत्यधिक गर्मी से बैटरी डैमेज, डिवाइस की परफॉर्मेंस कम होने और अचानक मोबाइल बंद होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को सीधे धूप में न रखें। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दिनभर पर्याप्त पानी पीने, नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी जैसे तरल पदार्थ लेने की सलाह दी है। साथ ही धूप में निकलते समय छाता, टोपी, गमछा और धूप का चश्मा इस्तेमाल करने को कहा गया है। SPF युक्त सनस्क्रीन लगाने की भी सलाह दी गई है। (Extreme UV Heat Danger)

अगले दो दिनों तक राहत की संभावना नहीं

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश में राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम शुष्क रहेगा और कई इलाकों में लू चल सकती है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। प्रदेश में UV इंडेक्स का एक्सट्रीम स्तर पर पहुंचना स्वास्थ्य के लिहाज से गंभीर संकेत है। विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थिति त्वचा, आंखों और शरीर पर त्वरित और दीर्घकालिक दोनों तरह का असर डाल सकती है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। आने वाले दिनों में अगर धूप और गर्म हवाओं का यही रुख रहा तो खतरा और बढ़ सकता है। ऐसे में जरूरी है कि लोग दिन के सबसे गर्म समय में बाहर निकलने से बचें और सभी सुरक्षा उपायों को अपनाएं।

Back to top button
error: Content is protected !!