व्हाइट हाउस के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, सीक्रेट सर्विस ने हमलावर को मार गिराया

वॉशिंगटन। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के बाहर शनिवार देर रात अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। पेनसिल्वेनिया एवेन्यू और 17वीं स्ट्रीट नॉर्थ वेस्ट के पास हुई इस गोलीबारी के दौरान पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस परिसर में मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलीबारी की आवाज सुनते ही सीक्रेट सर्विस के एजेंट तुरंत सक्रिय हो गए और पूरे इलाके को घेर लिया।
जवाबी कार्रवाई में हमलावर ढेर
एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल के अनुसार, 21 वर्षीय नासिर बेस्ट नामक युवक ने बैग से रिवॉल्वर निकालकर फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में सीक्रेट सर्विस के जवानों ने उसे गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल हमलावर को जॉर्ज वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर व्हाइट हाउस के सुरक्षा चेकपॉइंट के बेहद करीब पहुंच गया था और परिसर में घुसने की कोशिश कर रहा था।
एक राहगीर भी घायल
घटना के दौरान एक राहगीर भी गोली लगने से घायल हो गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसे गोली हमलावर की लगी या सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में लगी। घायल की स्थिति को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद व्हाइट हाउस के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पूरे इलाके में भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। एफबीआई और सीक्रेट सर्विस संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
इससे पहले अप्रैल में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान भी गोलीबारी की घटना सामने आई थी। उस समय फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और डोनाल्ड ट्रंप को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया था।
ट्रंप पर हमले की कोशिश के बाद बढ़ी चौकसी
हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप पर कथित हमले की कोशिश के मामले के बाद व्हाइट हाउस और राष्ट्रपति सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। इसी बीच हुई ताजा फायरिंग की घटना ने अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
यह भी पढ़े :- Rashifal 24 May 2026: आज रविवार का राशिफल, क्या कहती है आपकी राशि, कैसा रहेगा आपका दिन, जानें सभी राशियों का भविष्यफल



