Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर के कन्हेरा में बिजली सब-स्टेशन को लेकर बवाल, ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प 

Protest in Kanhera Village: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बिरगांव क्षेत्र अंतर्गत कन्हेरा गांव में प्रस्तावित बिजली सब-स्टेशन को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। चारागाह और मुक्तिधाम की जमीन पर सब-स्टेशन निर्माण के विरोध में ग्रामीणों और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बन गई। विरोध प्रदर्शन के दौरान हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीणों को हिरासत में लिया और सेंट्रल जेल भेज दिया। हिरासत में लिए गए लोगों में गांव की महिलाएं भी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:- दिल्ली में आदिवासी महासम्मेलन से पहले ट्रैफिक अलर्ट, लाल किला समेत कई इलाकों में रूट डायवर्जन, जानिए क्या है डी-लिस्टिंग ?

जानकारी के मुताबिक प्रशासन की ओर से कन्हेरा गांव की चरागाह की जमीन पर बिजली सब-स्टेशन स्थापित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है, जिसका ग्रामीण लंबे समय से विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी सहमति के बिना ही भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई की जा रही है। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हुए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया, लेकिन विवाद और बढ़ गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी, जो बाद में झड़प में बदल गई। (Protest in Kanhera Village)

पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। इनमें कन्हेरा के सरपंच और जिला पंचायत सदस्य भी शामिल हैं। सभी को बसों के जरिए सेंट्रल जेल लाया गया, जहां पहुंचने के बाद भी ग्रामीणों और महिलाओं ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि जिस जमीन पर सब-स्टेशन बनाने की तैयारी की जा रही है, वह गांव की चारागाह और मुक्तिधाम की जमीन है, जिसका उपयोग सालों से ग्रामीण करते आ रहे हैं। उनका आरोप है कि प्रशासन जबरन सीमांकन और अधिग्रहण की प्रक्रिया चला रहा है। महिलाओं ने भी आरोप लगाया कि उन्हें बिना सहमति जबरन गिरफ्तार कर जेल लाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यह उनकी पुश्तैनी जमीन है और इसी पर उनका जीवन-यापन निर्भर है।

8 जनवरी 2025 को भी जता चुकें हैं विरोध

बताया जा रहा है कि कन्हेरा ग्राम पंचायत की ओर से 8 जनवरी 2025 को तत्कालीन कलेक्टर को पत्र सौंपकर इस प्रस्ताव का विरोध किया गया था। पत्र में खसरा नंबर 372/1 की करीब 8.3236 हेक्टेयर चारागाह की जमीन पर सब-स्टेशन निर्माण का विरोध जताते हुए कहा गया था कि यह भूमि गांव के निस्तार और मुक्तिधाम के लिए उपयोग में लाई जाती है। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से लगातार अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इधर, जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि अगर ग्रामीणों की मांगों को नहीं माना गया तो जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, सरपंच और पंच सामूहिक इस्तीफा दे सकते हैं। फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन और पुलिस की टीम हालात को नियंत्रित करने और ग्रामीणों को समझाने में जुटी हुई है। (Protest in Kanhera Village)

Back to top button
error: Content is protected !!