Google Analytics —— Meta Pixel

कोनी थाने में कबाड़ कारोबारी की ‘VIP एंट्री’!, वायरल तस्वीर के बाद पुलिस पर उठे सवाल

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र से पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक तस्वीर के बाद पुलिस और अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़े कथित संबंधों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, कोनी थाना क्षेत्र में अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़े एक संचालक के खिलाफ पुलिस ने हाल ही में कार्रवाई की थी। कार्रवाई के दौरान संबंधित कारोबारी को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। इसी बीच थाने के भीतर की एक तस्वीर सामने आई, जिसने पूरे मामले को विवादों में ला दिया।

वायरल तस्वीर में संबंधित व्यक्ति थाने के अंदर आराम से बैठा दिखाई दे रहा है, जबकि सामने पुलिसकर्मी मौजूद हैं। तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि क्या यह केवल पूछताछ की सामान्य प्रक्रिया थी या फिर आरोपी को विशेष सुविधा दी जा रही थी।

बताया जा रहा है कि हाल ही में पुलिस अधीक्षक ने शहर में चल रहे अवैध कबाड़ कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद कोनी पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।

हालांकि अब इस पूरे मामले में पुलिस अधिकारियों की भूमिका और थाने के भीतर आरोपी के साथ हुए व्यवहार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर पर सफाई देते हुए कहा गया है कि संबंधित व्यक्ति को दस्तावेजों की जांच के लिए बुलाया गया था और उसकी दुकान को सील करने की कार्रवाई भी की गई है।

फिलहाल यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों को देखते हुए उच्च अधिकारियों द्वारा पूरे प्रकरण की समीक्षा किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

यह भी पढ़े :– व्हाइट हाउस के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, सीक्रेट सर्विस ने हमलावर को मार गिराया

Back to top button
error: Content is protected !!