Google Analytics —— Meta Pixel

गहरी नींद में सो रहे पति पर पत्नी का जानलेवा हमला, हंसिए से काट डाला प्राइवेट पार्ट

बिलासपुर। चकरभाठा क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पति-पत्नी के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शक और पारिवारिक कलह के चलते गुस्से में आई पत्नी ने अपने पति पर हंसिए से हमला कर उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। गंभीर हालत में घायल पति को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, चकरभाठा निवासी राकेश कौशिक राजमिस्त्री का काम करता है। उसकी पत्नी द्रोपति कौशिक को लंबे समय से शक था कि राकेश का किसी दूसरी महिला से संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। शुक्रवार रात भोजन के बाद पूरा परिवार सो गया था। देर रात करीब एक बजे पति-पत्नी के बीच फिर विवाद शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि द्रोपति ने घर में रखे लोहे के हंसिए से राकेश पर हमला कर दिया। इस दौरान उसने पति के प्राइवेट पार्ट पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना की जानकारी राकेश की बहन रेखा कौशिक को उनके भतीजे समीर कौशिक ने दी। समीर देर रात उनके घर पहुंचा और बताया कि माता-पिता के बीच झगड़ा हुआ है तथा उसकी मां ने पिता पर हंसिए से हमला कर दिया है।

सूचना मिलते ही रेखा कौशिक अपने भाइयों रमेश और सुरेश कौशिक के साथ मौके पर पहुंचीं। वहां राकेश खटिया पर गंभीर हालत में बैठा था और उसके प्राइवेट पार्ट से लगातार खून बह रहा था। परिजन तुरंत घायल राकेश और कटे हुए अंग को लेकर सिम्स अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी का बयान दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि घायल राकेश के बयान के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े :- कोनी थाने में कबाड़ कारोबारी की ‘VIP एंट्री’!, वायरल तस्वीर के बाद पुलिस पर उठे सवाल

Back to top button
error: Content is protected !!