झीरम घाटी हमले की 13वीं बरसी आज, न्याय की लड़ाई पर सियासत तेज, कब आएगा सामने सच ?

Jhiram Valley Attack Anniversary: 25 मई 2013 झीरम घाटी का वो काला दिन, जिसने छत्तीसगढ़ की राजनीति को हमेशा के लिए बदल दिया। कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर हुए नक्सली हमले में प्रदेश के कई बड़े नेताओं, कार्यकर्ताओं और जवानों ने शहादत दी थी। आज 13वीं बरसी पर पूरा प्रदेश शहीदों को नमन कर रहा है, लेकिन श्रद्धांजलि के साथ सियासत भी गरमा गई है। कांग्रेस जहां अब तक जांच पूरी न होने पर सवाल उठा रही है। वहीं बीजेपी ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर ही राजनीति करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने कहा कि झीरम घाटी हमले के अमर शहीद आदिवासी नेता महेंद्र कर्मा और समस्त कांग्रेस जनों के सर्वोच्च बलिदान को सादर नमन। छत्तीसगढ़ की माटी के लिए आपकी शहादत सदैव अमर रहेगी।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने कहा कि झीरम घाटी में शहीद हुए हमारे सभी वरिष्ठ नेताओं, समर्पित कार्यकर्ताओं और वीर जवानों को शत् शत् नमन। यह हमला केवल व्यक्तियों पर नहीं, बल्कि लोकतंत्र, जनआवाज़ और छत्तीसगढ़ की आत्मा पर किया गया कायराना प्रहार था। वर्षों बीत जाने के बाद भी झीरम की पीड़ा आज भी हर कांग्रेस कार्यकर्ता और प्रदेशवासियों के दिल में जिंदा है। सत्य और न्याय की यह लड़ाई अभी समाप्त नहीं हुई है। हम अपने शहीदों के संघर्ष, विचार और बलिदान को कभी भुला नहीं सकते। पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि झीरम शहीदों को शत् शत् नमन! झीरम घाटी हत्याकांड में शहीद नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा वीर जवानों को कोटि-कोटि नमन। झीरम का हमला महज एक नक्सली वारदात नहीं थी, बल्कि यह लोकतंत्र की आवाज़ को दबाने का एक क्रूर और सुनियोजित राजनैतिक षड्यंत्र था, जिसमें नक्सलियों ने चुन-चुनकर, नाम पूछ-पूछकर हमारे नेताओं की हत्या की थी।

बघेल ने आगे कहा कि 13 साल का लंबा वक्त बीत गया, लेकिन झीरम घाटी की वो चीखें और जख्म आज भी ताजा हैं। झीरम के पीड़ितों का न्याय आज भी अधूरा है। हमारे हौसले टूटे नहीं हैं और न्याय की यह लड़ाई अभी थमी नहीं है। हमें दृढ़ विश्वास है कि इस खूनी खेल के पीछे छिपे असली सूत्रधारों और उनके आकाओं का सच एक न एक दिन दुनिया के सामने जरूर आएगा। भाजपा ने झीरम हत्याकांड की जांच न की और न होने दी। यह लड़ाई जारी है और जारी रहेगी। वहीं छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मनेंद्रगढ़ के राजीव गांधी उद्यान में झीरम श्रद्धांजलि दिवस पर घटना में शहीद सभी वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और वीर शहीदों को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि झीरम घाटी की वह दुखद घटना छत्तीसगढ़ के इतिहास का एक काला अध्याय है, जिन्होंने देश और प्रदेश की सेवा में अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनका बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

महंत ने आगे कहा कि झीरम घाटी के शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उनके त्याग और साहस से प्रेरणा लेकर हमें एक न्यायपूर्ण और प्रगतिशील समाज के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए। पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव ने कहा कि झीरम घाटी में 2013 में आज ही के दुर्भायपूर्ण दिन हुए कायरतापूर्ण नक्सली हमले में शहीद होने वाले कांग्रेस के हमारे वरिष्ठ नेताओं, अभिन्न साथियों, साहसी कार्यकर्ताओं और वीर बलिदानी जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि। उनकी शहादत और परम बलिदान न छत्तीसगढ़ कभी नहीं भूलेगा और न कांग्रेस – देश उन्हें सदैव याद रखेगा। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि 25 मई, 2013 को छत्तीसगढ़ की झीरम घाटी में हुए नक्सली हमले में वीरगति को प्राप्त हुए हमारे समस्त वीर जवानों, समर्पित कांग्रेस नेताओं को मैं भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। आप सभी का यह सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। (Jhiram Valley Attack Anniversary)

सिंहदेव ने कोरबा प्रवास के दौरान झीरम घाटी नक्सली हमले में शहीद हुए हमारे वरिष्ठ नेताओं, सुरक्षाबल के वीर जवानों और प्रिय साथियों को याद कर उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही कहा कि 25 मई का वो काला दिन छत्तीसगढ़ के इतिहास का एक ऐसा जख्म है जो कभी नहीं भर सकता। वक्त भले ही बीत गया हो, लेकिन अपने साथियों को खोने का दर्द आज भी उतना ही ताजा है। छत्तीसगढ़ की शांति और लोकतंत्र के लिए उनका यह सर्वोच्च बलिदान हम कभी भूल नहीं सकते। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया भी मौजूद रहे। PCC चीफ दीपक बैज ने विश्रामपुर स्थित अग्रसेन भवन में झीरम घाटी में शहीद हुए हमारे सभी वीर नेताओं, कर्मठ कार्यकर्ताओं और जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही कहा कि उनका संघर्ष और समर्पण आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

बैज ने कहा कि झीरम घाटी में शहीद हुए हमारे सभी वीर नेताओं, कर्मठ कार्यकर्ताओं और जवानों को शत-शत नमन। झीरम की घटना केवल एक हमला नहीं थी, यह लोकतंत्र और जनसेवा की आवाज़ को खत्म करने की साजिश थी। आज भी उस दिन की पीड़ा हर कांग्रेस कार्यकर्ता और छत्तीसगढ़वासियों के दिल में जिंदा है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि झीरम के अमर बलिदानियों को विनम्र श्रद्धांजलि। झीरम घाटी की वह काली दोपहर सिर्फ एक हमला नहीं थी, वह लोकतंत्र, जनसेवा और आदिवासी अंचल की आवाज़ पर किया गया क्रूर प्रहार था। इस नृशंस हत्याकांड में हमने अपने अनेक वरिष्ठ नेताओं, समर्पित कार्यकर्ताओं और वीर जवानों को खोया, लेकिन उनके विचार, संघर्ष और जनता के प्रति समर्पण आज भी हमारे दिलों में जीवित हैं। (Jhiram Valley Attack Anniversary)
राजनांदगांव में दी गई श्रद्धांजलि
भगत ने कहा कि 13 सालों बाद भी झीरम की पीड़ा, वह सन्नाटा और अपनों को खोने का दर्द आज भी उतना ही गहरा है। न्याय की प्रतीक्षा आज भी अधूरी है, पर सत्य को हमेशा के लिए छिपाया नहीं जा सकता।हम उन सभी अमर शहीदों को शत्-शत् नमन करते हैं, जिन्होंने लोकतंत्र और जनसेवा के पथ पर अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। आपका बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। बता दें कि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के साथ राजनांदगांव के पूर्व विधायक उदय मुदलियार और उनके साथी अलनूर की भी गोली लगने से मौत हो गई थी। घटना की बरसी पर आज राजनांदगांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने दिवंगत उदय मुदलियार तथा अलनूर को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। कांग्रेसियों ने कहा कि झीरम घाटी हमला केवल एक नक्सली वारदात नहीं थी, बल्कि लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला था। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीद नेताओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश और जनता के लिए संघर्ष करते हुए अपनी जान गंवाई।

कांग्रेस नेताओं ने झीरम घाटी हमले की जांच को लेकर भी सवाल उठाए। कांग्रेसियों का कहना है कि घटना के इतने वर्षों बाद भी जांच पूरी नहीं हो पाई है और हमले से जुड़े कई सवाल आज भी अनसुलझे हैं। उनका आरोप है कि झीरम घाटी हमले का सच अब फाइलों में दबकर रह गया है। जबकि इस घटना में शामिल नक्सली सरेंडर कर चुके है उनसे पूछताछ की जानी चाहिए। तभी सत्यता जन मानस के सामने आ पायेगी । श्रद्धांजलि सभा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेताओं और कार्यकर्ताओं को नमन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि झीरम घाटी के शहीदों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी झीरम घाटी नक्सली हमले के सभी बलिदानियों को विनम्र श्रद्धांजलि दी। डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि झीरम घाटी हमले में अपने प्राणों की आहुति देने वाले छत्तीसगढ़ के नेतृत्व और साथियों को विनम्र श्रद्धांजलि। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि झीरम घाटी नक्सल हमले की पीड़ा को छत्तीसगढ़ की भूमि कभी भूल नहीं सकती।
डॉ. रमन सिंह ने किया नमन
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि इस कायराना नक्सली हमले में अपने प्राणों की आहुति देने वाले प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और वीर जवानों को मैं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनका बलिदान सदैव हमें लोकतंत्र और जनसेवा के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा। उन सभी शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं गया है, आज प्रदेश में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई पूरी हुई है। हमारी सरकार ने सुरक्षा बलों के साहस, जनसहयोग और मजबूत संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने में सफलता प्राप्त की है। अब बस्तर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना हमारे शहीदों के लिए सच्ची श्रद्धांजलि है। इस बीच सियासत भी तेज हो गई है। पूर्व PCC चीफ धनेंद्र साहू ने कहा कि 13 साल बाद भी सच्चाई पूरी तरह सामने नहीं आई। इतनी बड़ी घटना कैसे हुई, जनता आज भी जवाब चाहती है। यह सिस्टम पर बड़ा प्रश्न चिन्ह है।
बरसी के दिन राजनीति भी हुई तेज
धनेंद्र साहू ने आगे कहा कि सरकार के पास आत्मसमर्पित नक्सलियों की बड़ी संख्या है। क्या उनसे यह उजागर नहीं करवाया जा सकता कि झीरम में किसका हाथ था ? जांच आगे क्यों नहीं बढ़ी। क्या सरकार जानबूझकर मामले को दबा रही है। प्रदेश की जनता को सच जानने का अधिकार है। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर झीरम के शहीदों को न्याय मिलना चाहिए। इस पर पूर्व मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जिस दिन भूपेश बघेल अपने जेब में रखे सबूत को सार्वजनिक करेंगे, कवासी लखमा को सामने रख पूरे प्रदेश की जनता को घटनाक्रम बताएंगे। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कवासी लखमा को हॉस्पिटल में क्या कहा था ? जिस दिन ये सारे बातें सामने आएगी। सारे परते खुद-ब-खुद खुलती जाएगी। कांग्रेस ने केवल सहानुभूति के लिए अपना राजनीतिक ऑक्सीजन बना रखा हैं। भाजपा ने इस मामलें में हर स्तर की कार्रवाई की हैं।
22 मई को भगत ने दिया था विवादित बयान
बता दें कि 22 मई को पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने नक्सल खात्मे पर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि सिरदर्द खत्म हो गया, लेकिन 104 डिग्री का बुखार आ गया है। जल, जंगल, जमीन खत्म हो जाएगा तो विकास का क्या मतलब। कौन अफसर हैं, जो उद्योगों को रोक सकते हैं। उन आदिवासियों का क्या होगा, जो बस्तर की जेल में बंद हैं। इस पर मंत्री केदार कश्यप ने पलटवार करते हुए कहा कि नक्सली कांग्रेस की बी टीम के रूप में काम कर रहे थे। नक्सलवाद खत्म होने की पीड़ा कांग्रेस को हो रही है। झीरमकांड को लेकर कांग्रेसी बड़ी-बड़ी बात करते थे। 5 साल में झीरम कांड को लेकर कोई काम नहीं किया। उनके गृहमंत्री कभी बस्तर में एक बैठक तक नहीं किए। बीजेपी ने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी। (Jhiram Valley Attack Anniversary)



