Google Analytics —— Meta Pixel

झीरम घाटी नक्सल हमले के 13 साल, जब लहूलुहान हुई थी छत्तीसगढ़ की राजनीति, बस्तर टाइगर महेंद्र कर्मा के शव पर नक्सलियों ने किया था डांस

Jhiram Valley Attack: छत्तीसगढ़ के इतिहास में 25 मई 2013 की तारीख एक ऐसे काले अध्याय के रूप में दर्ज है, जिसे आज भी याद कर लोग सिहर उठते हैं। झीरम घाटी में हुआ नक्सली हमला सिर्फ कांग्रेस नेताओं पर हमला नहीं था, बल्कि लोकतंत्र पर सबसे बड़े हमलों में से एक माना जाता है। इस हमले में कांग्रेस के कई बड़े नेताओं समेत 30 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। आज इस दर्दनाक घटना को 13 साल पूरे हो गए हैं। साल 2013 के अंत में छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने थे। लगातार दो चुनावों से भाजपा सत्ता में थी और डॉ. रमन सिंह मुख्यमंत्री थे। वहीं कांग्रेस करीब 10 सालों से सत्ता से बाहर थी और वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक रही थी। इसी रणनीति के तहत कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में परिवर्तन यात्रा निकालने का फैसला लिया।

यह भी पढ़ें:- बदलता इंफ्रास्ट्रक्चर, बढ़ता भारत: रायपुर-विशाखापट्टनम कॉरिडोर से खुलेगा तरक्की का द्वार

25 मई 2013 को कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा सुकमा पहुंची थी। यहां एक बड़ी रैली आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश कांग्रेस के तमाम बड़े नेता शामिल हुए। रैली खत्म होने के बाद नेताओं का काफिला सुकमा से जगदलपुर के लिए रवाना हुआ। कांग्रेस नेताओं के काफिले में करीब 25 गाड़ियां थी, जिनमें लगभग 200 नेता और कार्यकर्ता सवार थे। सबसे आगे तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, उनके बेटे दिनेश पटेल और कवासी लखमा सुरक्षा गार्ड्स के साथ चल रहे थे। इनके पीछे ‘बस्तर टाइगर’ के नाम से मशहूर महेंद्र कर्मा, मलकीत सिंह गैदू और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। बस्तर के तत्कालीन कांग्रेस प्रभारी उदय मुदलियार भी इसी काफिले में शामिल थे। शाम करीब 4 बजे काफिला दरभा क्षेत्र की झीरम घाटी से गुजर रहा था। इसी दौरान नक्सलियों ने सड़क पर पेड़ गिराकर रास्ता रोक दिया। 

Oplus_16908288

डेढ़ घंटे तक बरसती रहीं गोलियां

गाड़ियां जैसे ही रुकीं, वैसे ही जंगल और पहाड़ियों में छिपे 200 से ज्यादा नक्सलियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। नक्सलियों ने पूरे काफिले को घेर लिया और अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुए इस हमले से नेताओं और सुरक्षाकर्मियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हमले में नंदकुमार पटेल और उनके बेटे दिनेश पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। करीब डेढ़ घंटे तक लगातार गोलीबारी होती रही। गोलियों और धमाकों की आवाज से पूरी घाटी दहल उठी। हमले में कई सुरक्षाकर्मी भी शहीद हो गए। फायरिंग के बाद शाम करीब साढ़े 5 बजे नक्सली पहाड़ियों से नीचे उतरे और एक-एक गाड़ी की तलाशी लेने लगे। जो लोग घायल हालत में पड़े थे, उन्हें भी गोली और चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया गया ताकि कोई जिंदा न बचे। इस दौरान कई लोगों को बंधक भी बनाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी बीच महेंद्र कर्मा अपनी गाड़ी से नीचे उतरे और नक्सलियों से कहा कि मुझे बंधक बना लो, बाकी लोगों को छोड़ दो, लेकिन नक्सलियों ने उन्हें कुछ दूर ले जाकर बेरहमी से हत्या कर दी।

मुख्य टारगेट थे बस्तर टाइगर महेंद्र कर्मा 

झीरम हमले का मुख्य टारगेट कांग्रेस नेता और बस्तर टाइगर के नाम से मशहूर महेंद्र कर्मा थे। सलवा जुडूम अभियान का नेतृत्व करने की वजह से नक्सली उन्हें अपना सबसे बड़ा दुश्मन मानते थे। बताया जाता है कि नक्सलियों ने महेंद्र कर्मा के शरीर पर करीब 100 गोलियां दागीं और चाकू से 50 से ज्यादा वार किए। इतना ही नहीं, हत्या के बाद नक्सलियों ने उनके शव पर चढ़कर डांस भी किया था। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। इस नक्सली हमले में महेंद्र कर्मा, नंदकुमार पटेल, दिनेश पटेल, विद्याचरण शुक्ल, उदय मुदलियार, योगेंद्र शर्मा समेत 30 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। कई सुरक्षाकर्मी भी शहीद हुए थे। हमले के बाद कांग्रेस ने तत्कालीन भाजपा सरकार पर सुरक्षा में लापरवाही बरतने और राजनीतिक षड़यंत्र के आरोप लगाए थे। वहीं इस घटना को लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला बताया गया था। (Jhiram Valley Attack)

आज भी ताजा हैं झीरम घाटी की दर्दनाक यादें

13 साल बाद भी झीरम घाटी हमले की यादें लोगों के जेहन में जिंदा हैं। यह हमला केवल राजनीतिक घटना नहीं था, बल्कि छत्तीसगढ़ की राजनीति और लोकतंत्र को गहरा जख्म देने वाला कांड माना जाता है। कांग्रेस आज भी इस दिन को शहादत दिवस के रूप में याद करती है और दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि देती है। झीरम घाटी का हमला सिर्फ एक राजनीतिक दल पर हमला नहीं था, बल्कि लोकतंत्र की आवाज को खामोश करने की साजिश थी। 13 साल बाद भी उस दिन की गोलियों की गूंज और अपनों को खोने का दर्द छत्तीसगढ़ की यादों में जिंदा है। झीरम घाटी के शहीद नेताओं और जवानों की शहादत आज भी लोकतंत्र की सबसे बड़ी कीमत की याद दिलाती है। (Jhiram Valley Attack)

 

Back to top button
error: Content is protected !!