छत्तीसगढ़ में नौतपा के बीच 20 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, जानिए आपके शहर में कितना तापमान ?
Chhattisgarh Heatwave Alert: छत्तीसगढ़ में गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। प्रदेश के 20 जिलों में अगले तीन दिनों तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 26 से 28 मई के बीच मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के इलाकों में लू का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। राजधानी रायपुर में मंगलवार को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। वहीं प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा और राजनांदगांव 46.5°C तापमान के साथ सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लू के साथ-साथ कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की भी संभावना जताई है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की आशंका भी बनी हुई है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर खींचतान जारी, चंद्राकर ने टीएस सिंहदेव को कांग्रेस छोड़ने की दी सलाह
ऐसा रहा शहरों में तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| राजनांदगांव | 46.5°C | 26.5°C |
| रायपुर | 45.7°C | 29.6°C |
| बिलासपुर | 45.1°C | 28°C |
| दुर्ग | 45°C | 26.6°C |
| अंबिकापुर | 42.8°C | 24.7°C |
| पेंड्रारोड | 42.4°C | 26°C |
| जगदलपुर | 40.8°C | 28.7°C |
इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने बिलासपुर, रायगढ़, सरंगढ़-बिलाईगढ़, मुंगेली, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, बस्तर, कोंडागांव और कांकेर जिलों में लू चलने की संभावना जताई है। 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो चुकी है। मौसम और ज्योतिष के मुताबिक यह साल का सबसे गर्म दौर माना जाता है। इस दौरान सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार और महासमुंद सहित कई जिलों में दोपहर के समय गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। (Chhattisgarh Heatwave Alert)
बिहार से आंध्र प्रदेश तक मौसम सिस्टम एक्टिव
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। इसके साथ उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश तक ट्रफ लाइन बनी हुई है, जो झारखंड और ओडिशा से होकर गुजर रही है। इसी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है और हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग ने 26 से 29 मई तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले दो दिनों तक कुछ स्थानों पर लू का असर बना रहेगा, जबकि कुछ हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना है।
ऐसा रहेगा राजधानी रायपुर का मौसम
रायपुर में 26 मई को आसमान साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 45.1°C और न्यूनतम तापमान 30°C के आसपास रह सकता है। तेज गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। ज्यादा पानी पिएं, हल्के और सूती कपड़े पहनें, धूप में निकलते समय सिर ढकें, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। बता दें कि नौतपा के दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण डीहाइड्रेशन, चक्कर, थकान और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। विशेषज्ञ सुबह के समय मौसमी फल खाने और शरीर को ठंडा रखने वाले पेय पदार्थ लेने की सलाह दे रहे हैं। (Chhattisgarh Heatwave Alert)
किसानों के लिए एडवाइजरी जारी
डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, हार्ट और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए यह मौसम ज्यादा खतरनाक हो सकता है। डॉक्टरों ने हीट स्ट्रोक के संकेत जैसे तेज बुखार, उलझन, कमजोरी, सांस लेने में तकलीफ और चक्कर आने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह दी है। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को रबी मक्का, केला और पपीता की फसलों में निराई-गुड़ाई के बाद हल्की सिंचाई करने की सलाह दी है ताकि तेज गर्मी से फसलों को नुकसान न पहुंचे। इसके अलावा गेहूं और चना की कटाई जल्द पूरी कर उपज को सुरक्षित स्थान पर रखने की भी सलाह दी गई है।



