छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर खींचतान जारी, चंद्राकर ने टीएस सिंहदेव को कांग्रेस छोड़ने की दी सलाह
Congress Presidency Controversy: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर खींचतान जारी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव के बयानों के बाद अब कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। हालांकि कांग्रेस नेताओं ने संगठन में किसी तरह के विवाद से इनकार किया है और अंतिम फैसला हाईकमान पर छोड़ने की बात कही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस पूरे विवाद पर कहा कि वे टीएस सिंहदेव के किसी बयान पर प्रतिक्रिया नहीं देते। उन्होंने कहा कि दीपक बैज पिछले तीन से साढ़े तीन साल से प्रदेश अध्यक्ष हैं और सभी उनके नेतृत्व में काम कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई फटकार
बघेल ने कहा कि किसे नेता प्रतिपक्ष बनाना है और किसे प्रदेश अध्यक्ष बनाना है, इसका फैसला कांग्रेस हाईकमान करता है। उन्होंने कहा कि मैं इसमें अपनी बुद्धि नहीं लगाता और न ही हाईकमान के अधिकार क्षेत्र में दखल देने की जरूरत समझता हूं। इधर, भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए टीएस सिंहदेव को कांग्रेस छोड़ने की सलाह दे डाली। चंद्राकर ने कहा कि टीएस सिंहदेव एक गौरवशाली राजघराने से आते हैं और उन्हें तय करना चाहिए कि कांग्रेस में अपमानित होना है या राष्ट्र के विकास के साथ अपनी परंपराओं को आगे बढ़ाना है।
पूर्व PCC चीफ धनेंद्र साहू ने किया पलटवार
अजय चंद्राकर के इस बयान पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अजय चंद्राकर अपनी ही पीड़ा बयान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अजय चंद्राकर को दूध में बैठी मक्खी की तरह बाहर फेंक दिया है और उन्हें कांग्रेस की चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने संगठनात्मक मामलों पर खुद निर्णय लेने में सक्षम है। वहीं टीएस सिंहदेव ने भी चंद्रकार के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। सिंहदेव ने कहा कि जब तक उनके हाथ-पैर चल रहे हैं, वे कांग्रेस का साथ नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि उनका परिवार 90 सालों से ज्यादा समय से कांग्रेस से जुड़ा हुआ है। (Congress Presidency Controversy)
चरणदास महंत ने विवाद को लेकर दी सफाई
टीएस सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस के कई फैसले उनके राज परिवार के हितों के विपरीत रहे, जमीनों का सीमांकन हुआ और उनकी जमीनें भी गईं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा को अपनाया और पार्टी का साथ नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि जब तक वोट डालूंगा, पंजा का बटन ही दबाऊंगा। इस पूरे मामले पर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि दीपक बैज और टीएस सिंहदेव के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं है। दोनों नेताओं के बीच मित्रता और भाईचारा है। पत्रकारों के सवालों में फंसने की वजह से इस तरह की बातें सामने आती हैं। महंत ने कहा कि कांग्रेस के भीतर यह कोई मुद्दा नहीं है कि कौन नेता रहेगा और कौन नहीं। उन्होंने संगठन में एकजुटता का दावा करते हुए कहा कि पार्टी सामूहिक नेतृत्व में आगे बढ़ रही है। राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए चरणदास महंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार को ढाई साल हो चुके हैं, लेकिन सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है। (Congress Presidency Controversy)
कांग्रेस को और ज्यादा मेहनत करने की जरूरत: महंत
उन्होंने कहा कि अब अगले ढाई सालों में कांग्रेस को और ज्यादा मेहनत करने की जरूरत है। टीएस सिंहदेव के लगातार दौरों को लेकर महंत ने कहा कि अब कांग्रेस के सभी नेता कमर कस चुके हैं और प्रदेशभर में दौरे करेंगे। उनका कहना है कि सामूहिक नेतृत्व के जरिए छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनाना ही पार्टी का पहला लक्ष्य है। वहीं भूपेश बघेल ने एक बार फिर दोहराया कि प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष जैसे पदों पर फैसला लेना पूरी तरह हाईकमान का अधिकार है। उन्होंने भाजपा को नसीहत देते हुए कहा कि भाजपा को कांग्रेस संगठन के बारे में सलाह देने की जरूरत नहीं है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर बयानबाजी जरूर तेज हुई है, लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार संगठन में एकजुटता का दावा कर रहे हैं। वहीं भाजपा इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है। अब सभी की नजर कांग्रेस हाईकमान के अगले फैसले पर टिकी हुई है, जो आने वाले समय में प्रदेश संगठन की दिशा तय करेगा।



