महंत ने जगतगुरु रामभद्राचार्य को बताया बीजेपी का प्रचारक, टिप्पणी को लेकर पक्ष-विपक्ष में तीखी बहस

Comment on Jagatguru Rambhadracharya: मनेंद्रगढ़ दौरे के दौरान नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य को लेकर विवादित बयान दिया है, जिससे नया विवाद खड़ा हो गया है। उनके बयान के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। दरअसल, चिरमिरी में चल रहे रामकथा कार्यक्रम के दौरान मौजूद स्वामी रामभद्राचार्य को लेकर नेता प्रतिपक्ष महंत ने कहा कि वो भाजपा के प्रचारक हैं और सिर्फ भाजपा का प्रचार करने आए हैं। ऐसे लोगों को मैं न जगतगुरु मानता हूं, न गांव का गुरु मानता हूं। मैं उनसे आशीर्वाद लेने नहीं जाऊंगा। उनके इस बयान के बाद विवाद तेज हो गया है।
यह भी पढ़ें:- BJP विधायक से साइबर ठगी, ‘मैं नितिन नवीन का PA बोल रहा हूं’ कहकर ऐंठे 10 हजार
बता दें कि इन दिनों जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य रामकथा कार्यक्रम के लिए चिरमिरी पहुंचे हुए हैं। वहीं इस पूरे मामले पर नेता प्रतिपक्ष की पत्नी और सांसद ज्योत्सना महंत का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि धर्म की आड़ में राजनीति नहीं होनी चाहिए। वह काम को ही धर्म मानती हैं और उनके लिए वही सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि वह पहले भी रामभद्राचार्य से मिल चुकी हैं और उनकी कथा सुन चुकी हैं। साथ ही सांसद ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को हमेशा सेवा भाव में रहकर काम करना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष के बयान पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस नेता को इस तरह की टिप्पणी से बचना चाहिए और राष्ट्रहित में सोचने की जरूरत है।
चरणदास महंत की टिप्पणी घटिया: बीजेपी
बीजेपी विधायक ने कहा कि डॉ चरणदास महंत नेता प्रतिपक्ष है। कांग्रेस से मिलकर कथावाचकों पर टिप्पणी कर रहे हैं। उनसे अपील है कि कांग्रेस के चक्कर में न पड़े, जिस तिगड़ी में फंसे है, उससे ऊपर उठ कर देशहित में बात करें। वहीं भाजपा नेता और हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन अनुराग सिंहदेव ने कहा कि चरणदास महंत का बयान निंदनीय है। जगतगुरु रामभद्राचार्य को भाजपा का प्रचारक बताना और उन पर टिप्पणी करना कांग्रेस के राष्ट्र और धर्म विरोधी चेहरे को उजागर करता है। चरणदास महंत की टिप्पणी घटिया है। इससे ये स्पष्ट है कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी के दरबार में उन्हें ही ज्यादा अंक मिलते हैं, जो सनातन विरोधी बात करते हैं। (Comment on Jagatguru Rambhadracharya)
भाजपा से सीख की जरूरत नहीं: कांग्रेस
वहीं भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के किसी भी नेता को भाजपा से सीख की जरूरत नहीं। डॉ. चरणदास महंत ने बिल्कुल सही कहा है। रामभद्राचार्य इन दिनों भाजपा के प्रचारक के रूप में काम कर रहे, जो व्यक्ति तुलसी दास की चौपाई पर गलत मीमांसा कर सकता वह हिंदू की क्या बात कर सकता है। रामभद्राचार्य न राम के हैं और न शिव के, वे भाजपा के हैं। इस पूरे विवाद ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में नया सियासी तापमान बढ़ा दिया है। एक तरफ भाजपा इसे धार्मिक हस्तियों का अपमान बता रही है, वहीं कांग्रेस इसे राजनीतिक मंचों के उपयोग से जोड़कर देख रही है। अब देखना होगा कि यह विवाद आगे और कितना तूल पकड़ता है या फिर सियासी बयानबाजी तक ही सीमित रहता है।



