गरियाबंद में मितानिन की ब्लेड से गला रेतकर हत्या, बचाने आए पति और बेटे भी घायल

Mitanin Murder in Gariyaband: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां देवभोग थाना क्षेत्र के दीवानमुड़ा गांव में एक मितानिन की ब्लेड से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे मृतिका के पति और बेटों पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है। जानकारी के मुताबिक मृतिका की पहचान छबीलता यादव उर्फ छबनीता यादव (45) के रूप में हुई है। वह गांव में मितानिन के तौर पर स्वास्थ्य सेवाओं में सक्रिय थी। साथ ही अपने परिवार के साथ होटल व्यवसाय में भी हाथ बंटाती थी। बताया जा रहा है कि बुधवार को वह अपने पति पुरित राम यादव और दो बेटों के साथ होटल में काम कर रही थी, तभी गांव का ही रहने वाला आरोपी देवीसिंह होटल पहुंचा।
यह भी पढ़ें:- सूरजपुर में पूर्व CM भूपेश बघेल ने दी अधिकारियों को चेतावनी, भाजपा ने कांग्रेस को घेरा
नाश्ते के पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी होटल में नाश्ता करने आया था। नाश्ता करने के बाद पैसों के लेनदेन को लेकर उसका छबीलता यादव से विवाद हो गया। विवाद के बाद आरोपी वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद वह ब्लेड लेकर वापस लौटा। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अचानक होटल में घुसकर छबीलता यादव की गर्दन पकड़ ली और ब्लेड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गले पर गंभीर वार होने से वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। मां को बचाने के लिए बेटे हेमंत यादव (21) और परिवार के अन्य सदस्य आगे आए, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में बेटे की गर्दन पर चोट आई, जबकि पति पुरित राम यादव के पेट पर ब्लेड से वार किया गया। घटना के बाद होटल परिसर में चीख-पुकार मच गई और पूरा परिवार लहूलुहान हो गया। (Mitanin Murder in Gariyaband)

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल अवस्था में छबीलता यादव को देवभोग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर प्रकाश साहू ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल पति और बेटों का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही देवभोग पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और घायलों के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया। इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ओडिशा भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। (Mitanin Murder in Gariyaband)

देवभोग थाना प्रभारी फैजुल शाह ने बताया कि पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने हमला किया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हत्या के बाद दीवानमुड़ा गांव समेत पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक छबीलता यादव समाजसेवा और स्वास्थ्य कार्यों में सक्रिय रहती थी और गांव में उनकी अच्छी पहचान थी। घटना के बाद लोगों में आक्रोश और भय दोनों देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और हत्या के पीछे किसी पुराने विवाद या अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। गरियाबंद में दिनदहाड़े हुई इस निर्मम हत्या ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है, लेकिन इस घटना ने यह साफ कर दिया है कि छोटे विवाद अब खूनी वारदातों में बदलते जा रहे हैं।



