सूरजपुर में पूर्व CM भूपेश बघेल ने दी अधिकारियों को चेतावनी, भाजपा ने कांग्रेस को घेरा

Baghel Warned officials: छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। सूरजपुर जिले के शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुलिस और अधिकारियों को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा ने कड़ा हमला बोला है, वहीं कांग्रेस ने अपने नेता के बयान का बचाव करते हुए भाजपा सरकार पर सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। दरअसल, चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने आरोप लगाया था कि नगर पंचायत चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष के खिलाफ फर्जी मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा था कि प्रदेश के कांग्रेसी चूड़ी पहनकर नहीं बैठे हैं और थानेदार का नाम हमेशा याद रखा जाएगा।
यह भी पढ़ें:- बकरीद को लेकर छत्तीसगढ़ में अलर्ट, खुले में कुर्बानी पर रोक; डीजे बजाने पर होगी कार्रवाई
बघेल ने मंच से कहा था कि सरकारें आती-जाती रहती हैं और किसी दिन फिर कांग्रेस की सरकार भी आएगी। उन्होंने SP और IG को भी चेतावनी भरे अंदाज में कहा था कि जब मामला उनकी जानकारी में आ गया है तो उसे सुधारा जाना चाहिए, अन्यथा इसे याद रखा जाएगा। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। मामले में प्रदेश के गृहमंत्री और डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा मामले में उन पर भी आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई हुई थी और अदालत ने जो फैसला दिया, उसे उन्होंने स्वीकार किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की ओर से पुलिस को धमकाने का प्रयास किया जा रहा है। शर्मा ने कहा कि भूपेश बघेल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उन्हें यह समझना चाहिए कि किसी भी मामले में पहले जांच होती है, उसके बाद कार्रवाई की जाती है। (Baghel Warned officials)
कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने किया पलटवार
वहीं कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने भी पूर्व CM भूपेश बघेल के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चूड़ियां नहीं पहन रखी है कहना मातृशक्ति का अपमान है। कांग्रेस नारी को अबला के रूप में कांग्रेस देखना चाहती है। कांग्रेस की मानसिकता बताती है कि महिलाओं का स्थान केवल प्रियंका वाड्रा और सोनिया गांधी तक सीमित है। कांग्रेस हमेशा अवैध कार्यों के साथ दिखाई देती है। इस पर कांग्रेस ने भी पलटवार किया है। पूर्व संसदीय सचिव और पूर्व विधायक विकास उपाध्यय ने कहा कि भाजपा सरकार अपराधियों को रोक नहीं पा रही है। थाने में झूठी रिपोर्ट लिखकर लोगों को अरेस्ट किया जा रहा है। भूपेश बघेल ने सही कहा है कि आज भाजपा सरकार है, कल हमारी सरकार होगी। भाजपा का चाल, चरित्र, चेहरा उजागर हो चुका है। कांग्रेस ने हमेशा लोगों की मदद की है।
आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज
भूपेश बघेल के बयान को लेकर अब प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भाजपा इसे पुलिस प्रशासन को धमकाने की कोशिश बता रही है, जबकि कांग्रेस इसे राजनीतिक प्रतिशोध और प्रशासनिक दुरुपयोग के खिलाफ आवाज बता रही है। आने वाले दिनों में यह मामला और ज्यादा राजनीतिक तूल पकड़ सकता है। भाजपा और कांग्रेस दोनों अपने-अपने तर्कों के साथ मैदान में हैं, लेकिन इस पूरे विवाद ने चुनावी माहौल को जरूर गरमा दिया है। बयान से उठे राजनीतिक तूफान के बीच अब नजर इस बात पर रहेगी कि यह मामला केवल बयानबाजी तक सीमित रहता है या फिर आने वाले दिनों में सियासी संघर्ष और तेज होता है। (Baghel Warned officials)



