Google Analytics —— Meta Pixel

बकरीद को लेकर छत्तीसगढ़ में अलर्ट, खुले में कुर्बानी पर रोक; डीजे बजाने पर होगी कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर प्रशासन और वक्फ बोर्ड ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कानून-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे प्रदेश को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने कहा कि तय नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य होगा और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी नमाज शिफ्ट प्रणाली के तहत अदा कराई जाएगी, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी रहे।

बकरीद को लेकर छत्तीसगढ़ में अलर्ट
बकरीद को लेकर छत्तीसगढ़ में अलर्ट

जारी निर्देशों के अनुसार सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, मैदानों और खुले इलाकों में कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। कुर्बानी केवल अधिकृत स्लॉटर हाउस या निजी परिसरों में ही की जा सकेगी। प्रशासन ने इसे स्वच्छता व्यवस्था और सभी समुदायों की भावनाओं के सम्मान से जुड़ा फैसला बताया है।

त्योहार के दौरान डीजे और तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने पर भी सख्ती बरती जाएगी। निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी रखेंगी।

राज्यभर की प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों में बकरीद की नमाज सुबह 6 बजे से 11 बजे के बीच अलग-अलग शिफ्ट में अदा की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि इससे ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा सकेगी।

नगर निगमों को साफ-सफाई और अपशिष्ट प्रबंधन की विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जो अधिकतम 50 हजार रुपये तक हो सकती है।

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ को मिला नया वन प्रमुख, अरूण पांडे बने PCCF

Back to top button
error: Content is protected !!