पूर्व CM भूपेश बघेल ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य को दी चुनौती, कहा- दिव्य दृष्टि से बताएं मोदी ट्रंप के सामने क्यों झुकते हैं

Bhupesh on Rambhadracharya: जगद्गुरु रामभद्राचार्य को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रामभद्राचार्य की भूमिका, अयोध्या प्राण-प्रतिष्ठा, केंद्र सरकार की नीतियों और RSS नेतृत्व पर कई तीखे सवाल उठाए हैं। बिलासपुर दौरे के दौरान बघेल ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य को सीधे चुनौती देते हुए कहा कि अगर वे स्वयं को बड़ा ज्ञानी और धर्म के ज्ञाता मानते हैं तो उन्हें वर्तमान राजनीतिक और धार्मिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखनी चाहिए। उन्होंने अयोध्या राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आयोजन परंपरागत शंकराचार्य परंपरा की उपस्थिति और सहमति के बिना किया गया।
यह भी पढ़ें:- भारत ने जम्मू-कश्मीर पर चीन-पाकिस्तान का बयान किया खारिज, CPEC पर भी जताई कड़ी आपत्ति
बघेल ने कहा कि सनातन परंपरा में प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शंकराचार्यों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है, लेकिन अयोध्या में हुए आयोजन में यह परंपरा नहीं निभाई गई। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ संतों को केवल राजनीतिक उपयोग तक सीमित रखा जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संघ खुद को हिंदू धर्म का सबसे बड़ा प्रतिनिधि बताने लगा है, जो चिंताजनक है। बघेल ने संघ प्रमुख मोहन भागवत पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे जीवन में किसी सार्वजनिक मंच से एक संस्कृत श्लोक तक नहीं बोला, लेकिन संगठन धर्म और संस्कृति पर सबसे ज्यादा भाषण देता है। (Bhupesh on Rambhadracharya)
गौमांस और राजनीतिक दोहरे मानदंड का आरोप
बघेल ने केंद्र सरकार पर दोहरे मानदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश के कुछ राज्यों और समुदायों में गौमांस को लेकर अलग-अलग नीतियां और राजनीतिक व्यवहार देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे नेता भी सरकार में शामिल हैं, जिनके बारे में वे गौमांस से जुड़े मुद्दों पर अलग रुख रखते हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने भाजपा और केंद्र सरकार पर सवाल उठाए कि धर्म और राजनीति को अलग-अलग मानकों से क्यों देखा जा रहा है। भूपेश बघेल ने बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर भी व्यंग्य किया। उन्होंने कहा कि अगर रामभद्राचार्य के शिष्य पर्ची से लोगों का भविष्य बता सकते हैं तो उन्हें देश में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम भी कम कराने का प्रयास करना चाहिए। (Bhupesh on Rambhadracharya)
मोदी-ट्रंप के संबंधों पर टिप्पणी
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संबंधों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि अगर धार्मिक नेतृत्व के पास दिव्य दृष्टि है तो उन्हें यह बताना चाहिए कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी है कि भारत को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कुछ मामलों में झुकना पड़ता है। बघेल ने X पर पोस्ट कर कहा कि रामभद्राचार्य जी गौ-भक्त हैं, राम भक्त हैं तो वे ये बताएं कि मोदी जी ने तो गौ-मांस भक्षक किरण रिजिजू को अपने मंत्रिमंडल में रखा है। क्या रामभद्राचार्य जी इसे उचित मानते हैं ? मैं रामभद्राचार्य जी से विनम्र निवेदन करता हूं कि वे अपने शिष्य धीरेंद्र शास्त्री जी को निर्देशित कर के पेट्रोल-डीजल के दाम कम करवाएं और रामभद्राचार्य जी बड़े ज्ञानी और गुणी हैं, मैं उनसे पूछना चाहूंगा कि ये मोदी जी ट्रंप के सामने इतना झुक क्यों जाते हैं, आप अपनी दिव्यदृष्टि से देख कर बताएं।
सियासत गरमाने के आसार
यह पूरा विवाद चिरमिरी में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और जगद्गुरु रामभद्राचार्य के बीच उपजे बयान से शुरू हुआ था। महंत ने एक कार्यक्रम में रामभद्राचार्य को जगद्गुरु मानने से इनकार किया था, जिसके बाद संत समाज और भाजपा ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद रामभद्राचार्य की ओर से भी कांग्रेस नेताओं पर सनातन परंपरा के अपमान के आरोप लगाए गए थे। इसी घटनाक्रम के बीच भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी कर इस विवाद को और व्यापक राजनीतिक रंग दे दिया। भूपेश बघेल के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज होने की संभावना है। भाजपा और कांग्रेस के बीच इस मुद्दे पर टकराव और बढ़ सकता है। वहीं सोशल मीडिया पर भी इस विवाद को लेकर समर्थक और विरोधी आमने-सामने आ गए हैं। धार्मिक और राजनीतिक मुद्दों के इस मिश्रण ने छत्तीसगढ़ की राजनीति को एक बार फिर गर्मा दिया है, जिससे आने वाले दिनों में यह विवाद और गहराने के संकेत मिल रहे हैं।



