Google Analytics —— Meta Pixel

सीतापुर विधायक और नायब तहसीलदार विवाद ने पकड़ा राजनीतिक तूल, विपक्ष ने सरकार को घेरा

Congress on MLA Toppo: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार के बीच कथित मारपीट का मामला अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। सीतापुर थाना क्षेत्र के राजापुर उप तहसील कार्यालय में हुई इस घटना को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार और विधायक पर तीखा हमला बोला है। वहीं प्रशासनिक गलियारों में भी इस घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। मामले में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी से मारपीट करने, कपड़े फाड़ने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप है। पुलिस ने विधायक समेत 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

यह भी पढ़ें:- सरगुजा में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो पर नायब तहसीलदार से मारपीट का आरोप, दोनों पक्षों पर FIR

पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमरजीत भगत ने घटना को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि एसडीएम के सामने नायब तहसीलदार को पीटना सरासर अन्याय है। प्रदेश में विष्णुदेव साय का सुशासन चल रहा है और अधिकारी पीट रहे हैं। इस मारपीट में विधायक का नाम सामने आना बेहद आपत्तिजनक हैं। जनप्रतिनिधि इस तरह से मारपीट करना शोभा नहीं देता हैं। अगर अधिकारी काम नहीं कर रहे हैं तो सस्पेंड कीजिए ट्रांसफर कीजिए। यह कौन सा तरीका है कि अपने समर्थकों के साथ सिंघम स्टाइल में अधिकारियों के साथ मारपीट करना। यह पहली घटना नहीं है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी इस मामले में भाजपा सरकार को घेरा। (Congress on MLA Toppo)

PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि मंत्री कहते हैं कांग्रेस वाले गुंडागर्दी कर रहे हैं तो रामकुमार टोप्पो क्या कर रहे हैं। तहसीलदार को बुलाकर कमरा बंदकर कपड़ा फटते तक मारते हैं। सांसद, मंत्री, विधायक अधिकारियों को धमका रहे हैं। सरकार ने भेदभाव ना करने की शपथ ली है तो क्या विधायक के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। बैज ने कहा कि भाजपाई तहसीलदार को पीट रहे हैं, ये गुंडागर्दी है। मंत्री, सांसद अधिकारियों को गालियां दे रहे। मुख्यमंत्री जवाब दें कि अपने विधायक को जेल भेजेंगे कि नहीं। मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए। वहीं पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव ने कहा कि इस तरह से मारपीट की घटना अत्यंत दुख की बात है। अगर फिर दर्ज हुई है तो कोई ना कोई घटना तो हुई होगी, जिस माध्यम से आपको अपनी जवाबदारी पूरी करनी हैं और वहां आप मनमानी करने की मंशा रखेंगे तो वह प्रजातंत्र नही रह जाता हैं। अगर इस तरह से घटना हो रही हैं तो यह परिपक्वता की पहचान नही हैं। (Congress on MLA Toppo)

क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के मुताबिक सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी अपने पति मुकेश धनकी के पैरोल प्रकरण से जुड़े दस्तावेज तैयार करवाने राजापुर उप तहसील कार्यालय पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि मुकेश धनकी हत्या के मामले में पिछले 10-15 सालों से जेल में बंद हैं। पैरोल प्रक्रिया पूरी करने के लिए शोध क्षमता प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेजों पर नायब तहसीलदार के हस्ताक्षर जरूरी थे, जिन्हें अंबिकापुर सेंट्रल जेल में जमा करना था। आरोप है कि उस दिन रीडर कार्यालय में मौजूद नहीं था, जिसके कारण फाइल पर हस्ताक्षर नहीं हो सके। इसी बात को लेकर सीमा धनकी और नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के बीच बहस हो गई।

विधायक समेत 10 लोगों पर FIR

सीमा धनकी ने विधायक रामकुमार टोप्पो को फोन कर नायब तहसीलदार पर बदसलूकी का आरोप लगाया। इसके बाद विधायक अपने समर्थकों के साथ राजापुर उप तहसील कार्यालय पहुंच गए। नायब तहसीलदार का आरोप है कि एसडीएम फागेश सिन्हा की मौजूदगी में उनके साथ मारपीट की गई। वहीं विधायक पक्ष ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है। नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने विधायक रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम राजा, पंकज गुप्ता समेत 10 लोगों के खिलाफ BNS की धारा 221, 221(1), 132 और 191(2) के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं विधायक की चचेरी बहन सीमा धनकी की शिकायत पर नायब तहसीलदार के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है। इस पूरे मामले में दोनों पक्षों की ओर से काउंटर FIR दर्ज की गई है। फिलहाल यह विवाद अब प्रशासनिक कार्रवाई से आगे बढ़कर बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन चुका है। प्रदेशभर में इस घटना को लेकर चर्चाएं तेज हैं और अब सभी की नजर पुलिस जांच और सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Back to top button
error: Content is protected !!