Google Analytics —— Meta Pixel

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन, कांग्रेस का मास्टरस्ट्रोक या बीजेपी के लिए बड़ा मौका ? सिद्धारमैया आगे क्या करेंगे ?

CM Change in Karnataka: कर्नाटक की राजनीति में बड़ा उलटफेर हुआ है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से करीब 23 महीने पहले मुख्यमंत्री बदलने का फैसला कर लिया है। 77 साल के सिद्धारमैया की जगह अब 64 साल के डीके शिवकुमार राज्य की कमान संभालेंगे। इस बदलाव को कांग्रेस के भीतर लंबे समय से चल रही सत्ता संघर्ष की कहानी का अंत माना जा रहा है, लेकिन इसके साथ ही बीजेपी को कांग्रेस पर हमला करने के लिए दो बड़े मुद्दे भी मिल गए हैं और वो है ओबीसी नेता की अनदेखी और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे नेता को मुख्यमंत्री बनाना। कर्नाटक की सत्ता में यह बदलाव सिर्फ चेहरा बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे जातीय समीकरण, 2028 विधानसभा चुनाव की रणनीति और कांग्रेस आलाकमान की दूरगामी राजनीति भी छिपी हुई है।

यह भी पढ़ें:- कर्नाटक CM सिद्धारमैया का इस्तीफा मंजूर, डीके शिवकुमार होंगे नए मुख्यमंत्री, 4 डिप्टी CM बनाए जाने की चर्चा

मई 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 224 में से 135 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। इस जीत के पीछे दो चेहरे सबसे अहम माने गए। पहला- सिद्धारमैया और दूसरा- डीके शिवकुमार। सिद्धारमैया ने अपने अहिंदा (अल्पसंख्यक, पिछड़ा और दलित) सोशल इंजीनियरिंग मॉडल से वोट बैंक मजबूत किया, जबकि डीके शिवकुमार ने संगठन और चुनावी प्रबंधन की कमान संभाली। जीत के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर दोनों नेताओं ने दावा ठोक दिया। इसके बाद दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान की कई दौर की मैराथन बैठकें हुईं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, केसी वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला ने बंद कमरे में फार्मूला तैयार किया। (CM Change in Karnataka)

नवंबर 2025 से फिर तेज हुई हलचल

19 मई 2023 को आखिरकार सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री और डीके शिवकुमार को डिप्टी सीएम बनाने का फैसला हुआ, लेकिन उसी समय से यह चर्चा शुरू हो गई थी कि दोनों नेताओं के बीच ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री पद का सीक्रेट समझौता हुआ है। डीके शिवकुमार ने उस समय सरकार के पांच साल चलने की बात तो कही थी, लेकिन सिद्धारमैया के पूरे कार्यकाल तक सीएम रहने के सवाल पर चुप्पी साध ली थी। इसी के बाद राजनीतिक गलियारों में सत्ता रोटेशन की अटकलें तेज हो गई थीं। 20 नवंबर 2025 को सिद्धारमैया सरकार के ढाई साल पूरे हुए तो सत्ता परिवर्तन की चर्चा फिर तेज हो गई। डीके शिवकुमार और उनके समर्थकों ने कथित सीक्रेट डील लागू करने का दबाव बढ़ाया, जबकि सिद्धारमैया खेमे ने इससे इनकार किया। (CM Change in Karnataka)

मई 2026 को दिल्ली में हुआ नेतृत्व परिवर्तन का फैसला

स्थिति बिगड़ती देख कांग्रेस आलाकमान ने दोनों नेताओं को दिल्ली बुलाकर समझाइश दी। इसके बाद कुछ समय के लिए मामला शांत हो गया, लेकिन अंदरखाने खींचतान जारी रही। 20 मई 2026 को सिद्धारमैया सरकार के तीन साल पूरे हुए और कांग्रेस आलाकमान ने अचानक उन्हें दिल्ली तलब कर लिया। अनुभवी नेता सिद्धारमैया समझ चुके थे कि अब सत्ता परिवर्तन का समय आ गया है। दिल्ली पहुंचने से पहले उन्होंने अपने समर्थक मंत्रियों और विधायकों के साथ कर्नाटक भवन में शक्ति प्रदर्शन किया। इसके बाद इंदिरा भवन में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल, रणदीप सुरजेवाला, सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार की बैठक हुई। सूत्रों के मुताबिक बैठक में सिद्धारमैया को दो बड़े प्रस्ताव दिए गए, पहला- राज्यसभा जाकर राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का ऑफर, दूसरा- उनके बेटे यतींद्र सिद्धारमैया को कैबिनेट में जगह देने का प्रस्ताव। हालांकि सिद्धारमैया ने तत्काल फैसला लेने से इनकार करते हुए समय मांगा।

28 मई को मंत्रियों के साथ किया नाश्ता, फिर दिया इस्तीफा

बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने मीडिया से कहा कि यह सिर्फ संगठनात्मक बैठक थी और राज्यसभा-विधान परिषद चुनावों पर चर्चा हुई है। लेकिन राजनीतिक हलकों में साफ हो गया था कि सत्ता परिवर्तन तय हो चुका है। 28 मई को बेंगलुरु स्थित आवास पर सिद्धारमैया ने मंत्रिमंडल के साथ ब्रेकफास्ट मीटिंग की। इसी बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ने का ऐलान कर दिया। संसदीय कार्य मंत्री एचके पाटिल ने पुष्टि की कि डीके शिवकुमार के नाम पर सहमति बन गई है। डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर छुए और दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया। इसके बाद सिद्धारमैया ने लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल के विशेष सचिव को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उस समय राज्यपाल थावरचंद गहलोत स्वास्थ्य कारणों से बेंगलुरु से बाहर थे। (CM Change in Karnataka)

कांग्रेस ने चुनाव से पहले क्यों बदला मुख्यमंत्री ?

2028 विधानसभा चुनाव से करीब दो साल पहले कांग्रेस ने यह बड़ा फैसला क्यों लिया, इसके पीछे कई राजनीतिक कारण बताए जा रहे हैं। राहुल गांधी ऐसे नेता को आगे बढ़ाना चाहते हैं, जो अगले 10-15 साल तक कर्नाटक में कांग्रेस का चेहरा बन सके। 2028 तक सिद्धारमैया करीब 80 साल के हो जाएंगे, जबकि डीके शिवकुमार अपेक्षाकृत युवा और सक्रिय माने जाते हैं। सिद्धारमैया कांग्रेस के सबसे बड़े ओबीसी नेता हैं और पार्टी के भीतर उनकी मजबूत पकड़ है। आलाकमान चाहता था कि सत्ता परिवर्तन सम्मानजनक तरीके से हो, ताकि पार्टी में खुली बगावत न हो। सिद्धारमैया सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे थे। मैसूर अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी स्कैम में उनके परिवार का नाम भी सामने आया था। विपक्ष लगातार इस मुद्दे को उठा रहा था। कांग्रेस समय रहते चेहरा बदलकर एंटी-इन्कम्बेंसी कम करना चाहती है।

कांग्रेस के संकटमोचक हैं डीके शिवकुमार

डीके शिवकुमार वोक्कालिगा समुदाय के सबसे बड़े नेता बन चुके हैं। यह समुदाय राज्य की लगभग 15% आबादी रखता है और ओल्ड मैसूर क्षेत्र की राजनीति में बेहद प्रभावशाली माना जाता है। अगर डीके को नजरअंदाज किया जाता, तो कांग्रेस का यह वोट बैंक खिसक सकता था। डीके शिवकुमार को कांग्रेस का संकटमोचक माना जाता है। वे संगठन, फंड मैनेजमेंट और चुनावी रणनीति में माहिर माने जाते हैं। 2023 के हलफनामे के मुताबिक उनकी संपत्ति 1400 करोड़ रुपए से ज्यादा है और उनका रियल एस्टेट, माइनिंग, ट्रांसपोर्ट और एजुकेशन कारोबार फैला हुआ है। (CM Change in Karnataka)

बीजेपी को मिले दो बड़े मुद्दे

कांग्रेस के इस फैसले से बीजेपी को आक्रामक राजनीति करने का मौका मिल गया है। सिद्धारमैया कर्नाटक में अहिंदा राजनीति का सबसे बड़ा चेहरा हैं। अहिंदा में अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग और दलित समुदाय शामिल हैं, जिनकी कुल आबादी करीब 62% मानी जाती है। बीजेपी यह नैरेटिव बना सकती है कि कांग्रेस ने अपने सबसे बड़े ओबीसी नेता को हटाकर आलाकमान के करीबी और फंड मैनेजर को मुख्यमंत्री बना दिया। इससे पिछड़ा और दलित वोटर नाराज हो सकता है। डीके शिवकुमार के खिलाफ ED, CBI और इनकम टैक्स से जुड़े कई मामले चल रहे हैं। वे पहले जेल भी जा चुके हैं। बीजेपी इन्हीं मामलों को लेकर कांग्रेस को घेरने की तैयारी में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हाल के दौरों में कर्नाटक कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान और भ्रष्टाचार के मुद्दे उठा चुके हैं।

क्या उल्टा पड़ सकता है कांग्रेस का दांव ?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस के लिए यह फैसला जोखिम भरा भी हो सकता है। इतिहास में जब कांग्रेस ने लिंगायत नेता वीरेंद्र पाटिल को मुख्यमंत्री पद से हटाया था, तब लिंगायत वोटर्स पार्टी से दूर हो गए थे। अब आशंका जताई जा रही है कि कहीं अहिंदा वोटर्स भी कांग्रेस से नाराज न हो जाएं। हालांकि कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि डीके शिवकुमार वोक्कालिगा वोटर्स को मजबूत करेंगे और साथ ही अहिंदा समर्थन भी बनाए रखेंगे। इसी संतुलन के लिए पार्टी 3 से 4 डिप्टी CM बनाने पर भी विचार कर रही है। दलित समुदाय से जी परमेश्वर और लिंगायत नेता एमबी पाटिल के नाम चर्चा में हैं। (CM Change in Karnataka)

सिद्धारमैया बने रहेंगे सक्रिय

इस्तीफे के बाद सिद्धारमैया ने साफ कर दिया कि वे राज्यसभा नहीं जाएंगे और कर्नाटक की राजनीति में सक्रिय बने रहेंगे। यही वजह है कि कांग्रेस आलाकमान उनके साथ टकराव से बचने की कोशिश कर रहा है। सिद्धारमैया का अपना मजबूत जनाधार है और दर्जनों विधायक उनके समर्थक माने जाते हैं। फिलहाल उन्होंने कोई बगावती संकेत नहीं दिए हैं, लेकिन कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही होगी कि सत्ता परिवर्तन के बाद पार्टी एकजुट बनी रहे। अब नजर इस बात पर है कि क्या डीके शिवकुमार कांग्रेस के लिए 2028 की राह आसान बना पाएंगे या यह फैसला बीजेपी के लिए कर्नाटक में वापसी का मौका साबित होगा। कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन सिर्फ मुख्यमंत्री बदलने की कवायद नहीं, बल्कि 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की सबसे बड़ी राजनीतिक परीक्षा बन गया है।

Back to top button
error: Content is protected !!