3 करोड़ का 6 क्विंटल गांजा जब्त, ओडिशा से महाराष्ट्र जा रही थी खेप, महासमुंद में पुलिस ने दबोचा

Ganja Smuggling in Mahasamund: छत्तीसगढ़ में सूखे नशे के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इस बीच महासमुंद जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। दरअसल, ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे 600 किलोग्राम गांजे की खेप को पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने पकड़ लिया है। तस्करों ने गांजे को कंपनी की मशीनरी और अन्य सामान के कार्टूनों के नीचे छिपाकर रखा था, ताकि किसी को शक न हो। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। पुलिस ने गांजा, तस्करी में प्रयुक्त गाड़ी, मोबाइल और नकदी समेत कुल 3 करोड़ 12 लाख 15 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है। जिले में हाल के दिनों में हुई यह सबसे बड़ी गांजा बरामदगी मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें:- कर्नाटक में 25 एकड़ जमीन के झगड़े में नरसंहार, एक ही परिवार के 5 समेत 6 लोगों की हत्या, 15 साल पुरानी दुश्मनी का खूनी अंजाम
पुलिस के मुताबिक एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की टीम ओडिशा सीमा से लगे अंतरराज्यीय मार्गों और अंदरूनी रास्तों पर लगातार निगरानी कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि महाराष्ट्र नंबर की एक लाल रंग की टाटा माजदा वाहन में कंपनी के सामान की आड़ में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना सिंघोड़ा क्षेत्र के मुरमुरी चौक पर विशेष चेकिंग प्वाइंट बनाया गया और वाहनों की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन चालक ने अपनी पहचान महबूब बादशाह शेख (65 साल, निवासी अंबरनाथ, जिला ठाणे) के रूप में बताई। पूछताछ में उसने बताया कि वाहन में कंपनी की मशीनरी और अन्य सामान लदा हुआ है। जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो मशीनरी से भरे बड़े-बड़े कार्टूनों और अन्य सामान के नीचे, पीछे 24 प्लास्टिक बोरियां मिली।
ओडिशा से महाराष्ट्र तक फैला तस्करी का नेटवर्क
एक-एक बोरी में लगभग 25-25 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था। वजन करने पर कुल 600 किलोग्राम यानी 6 क्विंटल गांजा बरामद हुआ। तस्करों ने पूरे माल को काले रंग की तिरपाल से ढंक रखा था, ताकि वाहन सामान्य मालवाहक ट्रक जैसा दिखाई दे और किसी को संदेह न हो। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि गांजे की यह खेप ओडिशा के बौद्ध जिले से लाई गई थी और इसे महाराष्ट्र के ठाणे जिले तक पहुंचाया जाना था। पुलिस को आशंका है कि इस तस्करी नेटवर्क में कई अन्य लोग भी शामिल हैं। आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की जा रही है और उसके संपर्कों के आधार पर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी गई है। (Ganja Smuggling in Mahasamund)
3.12 करोड़ की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 600 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ रुपए आंकी गई है। वहीं टाटा माजदा वाहन (कीमत करीब 12 लाख रुपए), एक मोबाइल (कीमत करीब 5 हजार रुपए) और 10 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग 3 करोड़ 12 लाख 15 हजार रुपए आंका गया है। एडिशनल एसपी प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने के बाद मुरमुरी चौक पर चेकिंग अभियान चलाया गया था। जांच के दौरान मशीनरी के कार्टूनों के नीचे छिपाकर रखी गई 24 प्लास्टिक बोरियों से 600 किलो गांजा बरामद हुआ। वाहन चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच सिंघोड़ा पुलिस कर रही है। (Ganja Smuggling in Mahasamund)
लगातार बदल रहे हैं तस्करी के तरीके
पुलिस का कहना है कि गांजा तस्कर कानून से बचने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। हाल के सालों में एंबुलेंस, मूवर्स एंड पैकर्स वाहन, मालवाहक ट्रक, कपड़ा फेरी वाहन, फल-सब्जी वाहनों, ट्रेवल्स बसों और गुप्त चैंबर वाले वाहनों का उपयोग तस्करी के लिए किया जाता रहा है। इसी वजह से पुलिस अब केवल अंतरराज्यीय चेक पोस्टों तक सीमित नहीं है, बल्कि अंदरूनी मार्गों पर भी लगातार निगरानी और सघन जांच अभियान चला रही है। महासमुंद पुलिस ने इससे पहले भी गांजा तस्करी के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाई की हैं। 8 मई को एंबुलेंस से 77 किलोग्राम गांजा बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं 7 मई को एक पिकअप वाहन से 1.14 करोड़ रुपए मूल्य का गांजा जब्त कर दो तस्करों को पकड़ा गया था। लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई में 600 किलो गांजे की बरामदगी ने यह साबित कर दिया है कि ओडिशा-छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र रूट पर सक्रिय तस्करी नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए सोर्स प्वाइंट से लेकर डेस्टिनेशन प्वाइंट तक प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।



