Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में दोस्त की चाकू से गोदकर हत्या, बहन से बातचीत के शक में हुआ था विवाद, गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर में की तोड़फोड़-आगजनी

Friend Murder in Raipur: राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के घर पर हमला कर तोड़फोड़ की और बाहर खड़े वाहन में आग लगा दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और हत्या के आरोप में एक युवक और एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान तोषक भारती के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तोषक और दोनों आरोपी आपस में दोस्त थे। घटना से पहले तीनों साथ घूमने निकले थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश और आपसी विवाद को लेकर झगड़ा शुरू हो गया, जो बाद में खूनी संघर्ष में बदल गया।

यह भी पढ़ें:- 3 करोड़ का 6 क्विंटल गांजा जब्त, ओडिशा से महाराष्ट्र जा रही थी खेप, महासमुंद में पुलिस ने दबोचा

मृतक की मां सरस्वती भारती ने मंदिर हसौद थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि 29 मई की रात करीब 9 बजे पलौद चौक स्थित पानी टंकी के पास करण ध्रुव और एक नाबालिग ने उनके बेटे तोषक के साथ मारपीट की। जांच में यह बात सामने आई है कि तोषक को शक था कि उसकी बहन और नाबालिग आरोपी के बीच बातचीत होती थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार रात विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पहले तोषक की पिटाई की और फिर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस पेट्रोलिंग वाहन की मदद से इलाज के लिए आरंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। (Friend Murder in Raipur)

युवक की हत्या से नाराज लोगों ने आरोपी के घर में तोड़फोड़ कर दी। इतना ही नहीं, घर के बाहर खड़ी एक गाड़ी में भी आग लगा दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं हत्या के मामले में करण ध्रुव और एक नाबालिग के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। इसके अलावा आरोपियों के घर में तोड़फोड़ और वाहन को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी अलग से कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीण सीएसपी लंबोदर पटेल ने बताया कि मंदिर हसौद थाने में करण ध्रुव और एक नाबालिग के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। (Friend Murder in Raipur)

दो दिन में दूसरी हत्या से बढ़ी चिंता

मंदिर हसौद क्षेत्र में दो दिनों के भीतर हत्या की यह दूसरी बड़ी वारदात है, जिससे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है। इससे पहले 22 मई से लापता भुवनेश्वर यादव की हत्या के मामले का खुलासा भी हाल ही में हुआ था। जांच में सामने आया कि भुवनेश्वर यादव की हत्या शराब भट्ठी के पास पानी को लेकर हुए विवाद और गाली-गलौज के बाद की गई थी। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को कार में रखकर महासमुंद जिले के महानदी किनारे ले जाकर रेत में दफना दिया था। बाद में पुलिस ने खुदाई कर शव बरामद किया। इस मामले में महासमुंद पुलिस ने निर्दलीय पार्षद नोहर दास उर्फ गोलू रात्रे, अमित सिंह राजपूत और हेमचंद बंजारे को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं ने मंदिर हसौद क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!