रायपुर जिला कोर्ट परिसर में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

Fight in District Court: राजधानी रायपुर में जिला कोर्ट परिसर में शनिवार को पेशी के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। कोर्ट परिसर स्थित पुलिस चौकी के सामने हुई इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक दोनों पक्ष अपने-अपने मामलों में नियमित पेशी के लिए जिला न्यायालय पहुंचे थे। कोर्ट में सुनवाई पूरी होने के बाद जब दोनों पक्ष बाहर निकले, तभी किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी।
आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के ध्रुवेश देवांगन ने दूसरे पक्ष के राहुल सोनी पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान राहुल सोनी का सिर दीवार से टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद कोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने आरोपी ध्रुवेश देवांगन को तत्काल हिरासत में ले लिया, जबकि घायल राहुल सोनी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्ष खुद पेशी के लिए कोर्ट पहुंचे थे। उन्हें पुलिस ने कोर्ट नहीं लाया था। फिलहाल पुरानी बस्ती पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कोर्ट परिसर के बाहर दोनों पक्षों के बीच विवाद किन कारणों से शुरू हुआ और इसके पीछे क्या वजह रही। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
जिला कोर्ट जैसे संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में पुलिस चौकी के सामने हुई इस घटना ने कानून व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां न्याय की उम्मीद लेकर लोग अदालत पहुंचते हैं, वहीं खुलेआम हुई मारपीट यह संकेत देती है कि सुरक्षा व्यवस्था में कहीं न कहीं चूक हुई है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन क्या कदम उठाता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और विवाद की वजह तलाश रही है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर अदालत परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत को उजागर कर दिया है। (Fight in District Court)



