Google Analytics —— Meta Pixel

बिलासपुर में रेत घाट विवाद ने लिया हिंसक रूप, ठेकेदार के कर्मचारियों पर जानलेवा हमला, तीन घायल

Bilaspur Sand Ghat Dispute: बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकुर्दीकला रेत घाट के पास अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। रेत घाट का निरीक्षण करने पहुंचे ठेकेदार के कर्मचारियों पर कुछ लोगों ने लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे तीन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक अमलडीहा रेत घाट में काम करने वाले कर्मचारी देर रात निरीक्षण कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कुकुर्दीकला क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि करने के लिए कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जहां रेत से भरे एक ट्रैक्टर को देखकर चालक से पूछताछ की जा रही थी।

यह भी पढ़ें:- रायपुर जिला कोर्ट परिसर में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक बोलेरो वाहन वहां पहुंची, जिसमें सवार मुरारी यादव, माची, राज यादव, अरुण पांडे और उनके अन्य साथी मौके पर उतर गए। आरोप है कि उन्होंने कर्मचारियों के साथ विवाद शुरू कर दिया और देखते ही देखते गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से कर्मचारियों पर हमला कर दिया। हमले में अभिषेक यादव, राकेश राय और पिंटू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल कर्मचारियों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ितों का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। (Bilaspur Sand Ghat Dispute)

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह ने बताया कि घायलों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि बिलासपुर जिले के अलग-अलग रेत घाटों में अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर पहले भी कई बार विवाद सामने आ चुके हैं। ताजा घटना के बाद एक बार फिर रेत कारोबार और अवैध उत्खनन को लेकर कानून-व्यवस्था के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की जांच में जुटी हुई है।

Back to top button
error: Content is protected !!