छत्तीसगढ़ में 48 घंटे में हिंसा की बाढ़, रायपुर से बिलासपुर तक खूनखराबा, क्या कमजोर हो रही है कानून-व्यवस्था ?

Crime Increase in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में पिछले 48 घंटों के भीतर सामने आई लगातार हिंसक घटनाओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। राजधानी रायपुर से लेकर बेमेतरा और बिलासपुर तक हत्या, चाकूबाजी और तलवार से हमलों की घटनाओं ने न सिर्फ पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि आम लोगों में दहशत का माहौल भी पैदा कर दिया है। कहीं लेन-देन का विवाद जानलेवा बन गया, कहीं जमीन का पुराना झगड़ा हत्या में बदल गया, तो कहीं नशे में चूर युवकों की बदमाशी ने एक जिंदगी छीन ली। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या समाज में सहनशीलता घट रही है या अपराधियों में कानून का डर खत्म होता जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में खेत बचाओ अभियान की शुरुआत, कांग्रेस ने उठाए सवाल, भाजपा ने किया पलटवार
राजधानी रायपुर का व्यस्ततम इलाका तेलघानी चौक उस समय दहल उठा जब दिनदहाड़े एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान आशीष गरुड़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आशीष का कुछ लोगों के साथ लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। यह विवाद धीरे-धीरे बढ़ा और अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों ने आशीष पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायल युवक को ई-रिक्शा की मदद से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है।
मंदिर हसौद में युवक की चाकू से हत्या
राजधानी रायपुर के ही मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के सतनामी मोहल्ले में एक और हत्या की घटना सामने आई है। यहां तोषक भारती नामक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह मामला भी आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, जो अचानक हिंसक रूप ले बैठा। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बेमेतरा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के मुरकुटा में सुबह-सुबह दिल दहला देने वाली वारदात हुई। यहां विद्यासागर नवरंग नामक अधेड़ व्यक्ति की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि आरोपी और मृतक के बीच लंबे समय से खेत और जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। (Crime Increase in Chhattisgarh)

जमीन विवाद में पीट-पीटकर हत्या
स्थानीय लोगों के मुताबिक विवाद पहले भी कई बार पंचायत और आपसी बातचीत तक पहुंचा था, लेकिन समाधान नहीं निकल सका। इसी पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी गेंदलाल नवरंग ने हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। बिलासपुर जिले के काठाकोनी भिलौनी इलाके में नशे की हालत में हुई हिंसा ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक तीन युवक नशे की हालत में सड़क पर गाली-गलौज कर रहे थे। उसी दौरान एक स्थानीय युवक ने उन्हें ऐसा करने से रोका और शांत रहने को कहा। इस मामूली सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने तलवार निकालकर युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। (Crime Increase in Chhattisgarh)
बिलासपुर में शराब दुकान के बाहर भिड़ंत
स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बिलासपुर के तिफरा इलाके में स्थित शासकीय शराब दुकान के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ग्राहकों और दुकान कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर गाली-गलौज और हंगामा शुरू हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर चिल्लाते और अपशब्दों का प्रयोग करते दिखाई दिए। अब पुलिस और आबकारी विभाग इस वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुट गए हैं। (Crime Increase in Chhattisgarh)
क्या टूट रहा है सामाजिक संतुलन ?
इन सभी घटनाओं में एक बात समान है- विवाद चाहे छोटा हो या बड़ा, वह सीधे हिंसा और हत्या तक पहुंच जा रहा है। लेन-देन का झगड़ा, जमीन का विवाद, नशे की हालत और आपसी रंजिश ये सभी कारण लगातार जानलेवा घटनाओं में बदल रहे हैं। यह स्थिति इस बात की ओर इशारा कर रही है कि समाज में सहनशीलता और संवाद की कमी बढ़ रही है, जबकि गुस्सा और हिंसा तेजी से हावी हो रहा है। पुलिस ने कुछ मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कई अब भी फरार हैं। सभी मामलों में अलग-अलग टीमें जांच कर रही हैं और दबिश दी जा रही है। हालांकि इन घटनाओं ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा को लेकर गंभीर मंथन की जरूरत है। इन घटनाओं ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या समाज में सहनशीलता कम हो रही है या अपराधियों में कानून का डर कमजोर पड़ता जा रहा है।



