सुकमा में प्रार्थना सभा के दौरान हिंसक झड़प, कई लोग घायल, गांव में भारी तनाव

Controversy During Prayer Meeting: बस्तर संभाग के सुकमा जिले में धार्मिक और सामाजिक विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया है। तोंगपाल थाना क्षेत्र के साडरापाल गांव में रविवार को आयोजित एक प्रार्थना सभा के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना में कई लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जानकारी के मुताबिक साडरापाल गांव में एक घर के बाहर प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। सभा शांतिपूर्वक चल रही थी, तभी किसी पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
यह भी पढ़ें:- नक्सली संगठन में शादी से पहले नसबंदी थी अनिवार्य, पूर्व DVCM का दावा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देखते ही देखते विवाद बढ़ता चला गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लाठी-डंडे चलने लगे और देखते ही देखते पूरा क्षेत्र रणक्षेत्र में बदल गया। झड़प के दौरान कई लोगों के सिर फट गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं। महिलाओं और बुजुर्गों को भी चोट लगी है। अचानक हुई हिंसा से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की खबर आसपास के गांवों तक पहुंचते ही लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही तोंगपाल थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया। इसके बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

गांव में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। घटना को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। ईसाई समुदाय और उससे जुड़े संगठनों का आरोप है कि प्रार्थना सभा के दौरान कुछ ग्रामीणों के समूह ने हमला किया, जिससे कई लोग घायल हुए हैं। समुदाय के लोगों का कहना है कि यह धार्मिक स्वतंत्रता पर हमला है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं दूसरी ओर कुछ ग्रामीण इस पूरे मामले को धर्मांतरण और मतांतरण गतिविधियों से जोड़कर देख रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से इस मुद्दे को लेकर गांव में असंतोष था, जो रविवार को विवाद का कारण बना। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। (Controversy During Prayer Meeting)

मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले को लेकर सावधानी बरतते हुए जांच शुरू कर दी है। तोंगपाल पुलिस के मुताबिक पहली नजर में मामला धार्मिक नहीं, बल्कि जमीन और आपसी विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने प्रार्थी हिडमा कवासी की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक वजह का पता लगाया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। (Controversy During Prayer Meeting)



