खून की एक यूनिट के लिए तरसती रही बेटी, 48 घंटे तक भटकते रहे माता-पिता, दुर्ग जिला अस्पताल में युवती की मौत पर उठे सवाल

Blood Delay Life Lost: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अस्पताल से स्वास्थ्य व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर देने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। भिलाई के मरोदा के रहने वाले एक गरीब परिवार की 20 साल की बेटी दीपिका गाड़ा की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि युवती के शरीर में खून की भारी कमी थी और डॉक्टरों ने तत्काल ब्लड चढ़ाने की जरूरत बताई थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन और ब्लड बैंक से उसे एक यूनिट खून तक उपलब्ध नहीं कराया गया। परिवार का दावा है कि समय पर खून मिल जाता तो शायद दीपिका की जान बच सकती थी। सोमवार शाम इलाज के दौरान दीपिका ने दम तोड़ दिया। बेटी की मौत के बाद अस्पताल परिसर में मातम पसर गया। शव वाहन से उसका शव घर भेजा गया, जबकि अस्पताल के मुख्य द्वार के सामने उसकी मां फूट-फूटकर रोती रही। इस घटना ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें:- नारायणपुर में अंतिम संस्कार को लेकर विवाद, ग्रामीणों के विरोध के बाद शव भेजा गया बाहर
जानकारी के मुताबिक दीपिका गाड़ा पिछले कई दिनों से बीमार थी। उसे हाथ-पैर, कमर और पूरे शरीर में दर्द की शिकायत थी। परिजनों ने बताया कि शनिवार रात उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उसे एम्बुलेंस से दुर्ग जिला अस्पताल लाया गया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि दीपिका के शरीर में खून की मात्रा काफी कम है और उसे तत्काल रक्त चढ़ाने की जरूरत है। डॉक्टरों ने तीन यूनिट ब्लड की व्यवस्था करने को कहा। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था और तत्काल डोनर की व्यवस्था नहीं कर सका। मृतिका के परिजनों का आरोप है कि उन्होंने अस्पताल स्टाफ और ब्लड बैंक से कम से कम एक यूनिट खून उपलब्ध कराने की गुहार लगाई थी, ताकि इलाज शुरू किया जा सके। परिजन लगातार 48 घंटे तक अस्पताल और ब्लड बैंक के चक्कर काटते रहे और डोनर की तलाश करते रहे, लेकिन उन्हें न तो कोई डोनर मिला और न ही अस्पताल की ओर से खून उपलब्ध कराया गया।
![]()
एक यूनिट खून के लिए भी किसी ने नहीं सुनी: मां
परिवार का कहना है कि दीपिका अस्पताल पहुंचने के बाद बात कर रही थी और उसकी हालत भी स्थिर थी, लेकिन इलाज के दौरान उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और आखिरकार सोमवार शाम उसने दम तोड़ दिया। दीपिका की मां ने बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें बताया था कि बेटी का हीमोग्लोबिन स्तर करीब 5 ग्राम रह गया है। उन्होंने कई बार अस्पताल स्टाफ से अनुरोध किया कि कम से कम एक यूनिट ब्लड चढ़ा दिया जाए, बाकी की व्यवस्था वे बाद में कर लेंगे, लेकिन उनकी किसी ने नहीं सुनी। बेटी की मौत के बाद मां का आरोप है कि समय पर ब्लड उपलब्ध करा दिया जाता तो उसकी जान बच सकती थी। घटना के बाद परिजनों ने सिविल सर्जन को आवेदन सौंपकर पूरे मामले की जांच की मांग की है। (Blood Delay Life Lost)

सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित थी दीपिका
मामले में जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने स्वीकार किया कि दीपिका सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित थी और उसका इलाज चल रहा था। उनका ब्लड ग्रुप ओ पॉजिटिव था और हीमोग्लोबिन का स्तर लगभग 5 ग्राम था। उन्होंने यह भी माना कि अगर परिजनों के पास डोनर उपलब्ध नहीं था तो आपातकालीन स्थिति को देखते हुए अस्पताल के स्टॉक से एक-दो यूनिट ब्लड उपलब्ध कराया जा सकता था। सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं दी गई थी। अगर परिजन या अस्पताल स्टाफ उनके संज्ञान में यह मामला लाते तो वे ब्लड उपलब्ध कराने का प्रयास करते। उन्होंने कहा कि अगर समय पर ब्लड चढ़ाया जाता तो युवती की जान बचने की संभावना हो सकती थी। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि मौत सिर्फ खून की कमी के कारण हुई है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
सिविल सर्जन के मुताबिक आईसीयू के डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि युवती को एस्पिरेशन की समस्या भी हो सकती थी। यानी भोजन या कोई अन्य पदार्थ सांस की नली के रास्ते फेफड़ों में पहुंच गया हो, जिससे उसे गंभीर श्वसन संबंधी दिक्कत हुई हो। डॉक्टर्स का कहना है कि युवती की मौत सिकल सेल एनीमिया, खून की कमी, एस्पिरेशन या किसी अन्य चिकित्सकीय कारण से भी हो सकती है। वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। घटना की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। सिविल सर्जन ने बताया कि डॉक्टरों, नर्सों, ब्लड बैंककर्मियों और अन्य संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच की जाएगी। अगर किसी स्तर पर लापरवाही या नियमों की अनदेखी सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गरीब परिवार का सहारा थी दीपिका
परिजनों के मुताबिक दीपिका ने 12वीं के बाद आईटीआई की पढ़ाई पूरी की थी और अपने परिवार की आर्थिक मदद के लिए एक कपड़े की दुकान में काम कर रही थी। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार को उम्मीद थी कि दीपिका आगे चलकर घर की जिम्मेदारियों में बड़ा सहारा बनेगी, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान हुई उसकी मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। अब यह मामला सिर्फ एक युवती की मौत का नहीं, बल्कि सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था, ब्लड बैंक प्रबंधन और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल बनकर सामने आया है। (Blood Delay Life Lost)



