Google Analytics —— Meta Pixel

मुख्यमंत्री सचिवालय में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, अधिकारियों के बीच हुआ नए सिरे से कार्य विभाजन

Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सचिवालय में अधिकारियों की जिम्मेदारियों और विभागों के पुनर्वितरण को लेकर नया आदेश जारी किया गया है। मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा जारी आदेश के तहत विभागवार कार्यों का नया बंटवारा किया गया है। साथ ही विभिन्न संभागों में शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों की निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है।

जारी आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह को मंत्रिपरिषद, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, विशेष परियोजनाओं, समन्वय एवं प्रशासनिक मामलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके पास सामान्य प्रशासन, वित्त, खनिज, विधि एवं विधायी कार्य, वाणिज्य एवं उद्योग, गृह, जेल, परिवहन, पर्यटन, संस्कृति तथा खेल एवं युवा कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विभागों का प्रभार रहेगा। (Chhattisgarh News)

वहीं सचिव मुकेश कुमार बंसल को मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा के साथ जनसंपर्क, कृषि एवं किसान कल्याण, पशुधन विकास, मत्स्य पालन, सहकारिता, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, ऊर्जा, जल संसाधन तथा वन एवं जलवायु परिवर्तन विभागों से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है।

सचिव पी. दयानंद को मुख्यमंत्री सहायता कोष, विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना, सामाजिक एवं स्वैच्छिक संगठनों से संबंधित मामलों के साथ लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा तथा संसदीय कार्य विभाग का दायित्व सौंपा गया है।

सचिव राहुल भगत को मुख्यमंत्री निवास से जुड़े समन्वय कार्य, बिल भुगतान एवं अन्य प्रशासनिक जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसके अलावा उन्हें कोंडागांव और जशपुर जिलों के विकास कार्यों की समीक्षा का दायित्व भी सौंपा गया है।

विशेष सचिव रजत बंसल को सुशासन तिहार, सूचना का अधिकार, सांसद-विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से संबंधित मामलों के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आवास एवं पर्यावरण, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा तथा विमानन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

संयुक्त सचिव प्रभात मलिक को जनदर्शन, जनशिकायत, मुख्यमंत्री के समय प्रबंधन तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, नगरीय प्रशासन, सूचना प्रौद्योगिकी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कौशल विकास एवं रोजगार सहित कई महत्वपूर्ण विभागों का प्रभार सौंपा गया है।

संभागवार नोडल अधिकारियों की नियुक्ति

नए आदेश के तहत शासन की योजनाओं, विकास कार्यों और आपात स्थितियों की निगरानी के लिए संभागवार नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। रायपुर संभाग के लिए मुकेश कुमार बंसल, बिलासपुर के लिए पी. दयानंद, बस्तर के लिए राहुल भगत, सरगुजा के लिए रजत बंसल और दुर्ग संभाग के लिए प्रभात मलिक को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मुख्यमंत्री सचिवालय ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की प्राथमिकताओं और निर्देशों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। (Chhattisgarh News)

यह भी पढ़े :- खेत में दफन महिला का शव मिलने से मचा हड़कंप, जांच में सामने आई पूरी सच्चाई

Back to top button
error: Content is protected !!