Google Analytics —— Meta Pixel

एशिया में सबसे तेज गिर रहा भारतीय रुपया, पाकिस्तान-चीन की करेंसी हुई मजबूत, जानिए इसके पीछे की पूरी कहानी

Indian Rupee Continues Fall: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया एशिया की प्रमुख मुद्राओं में सबसे तेज गिरावट दर्ज कर रहा है। पिछले पांच महीनों में रुपया 6% से ज्यादा कमजोर हुआ है, जबकि इसी अवधि में पाकिस्तानी रुपया करीब 0.5% और चीनी युआन लगभग 3% मजबूत हुआ है। अर्थशास्त्रियों का मानना है कि बढ़ती डॉलर मांग, महंगा कच्चा तेल, विदेशी निवेश की निकासी और भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर निवेशकों की चिंताओं ने रुपए पर दबाव बढ़ा दिया है। दुनिया के ज्यादाांश अंतरराष्ट्रीय व्यापार डॉलर में होते हैं। ऐसे में जब डॉलर की मांग बढ़ती है और किसी देश में डॉलर की आवक कम होती है, तो उसकी मुद्रा पर दबाव बढ़ जाता है। वर्तमान में भारत में डॉलर की मांग उसकी उपलब्धता से ज्यादा है, जिसके कारण रुपया लगातार कमजोर हो रहा है और एक डॉलर की कीमत करीब 95 रुपए के आसपास पहुंच गई है।

यह भी पढ़ें:- पश्चिम बंगाल में TMC के 58 विधायकों ने बनाया अलग गुट, ऋतब्रत बनर्जी बने नेता प्रतिपक्ष, ममता के सामने अस्तित्व का संकट

भारत अपनी जरूरत का 85% से ज्यादा कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है और इसका भुगतान डॉलर में करना पड़ता है। हाल के वैश्विक तनावों और तेल कीमतों में बढ़ोतरी से भारत का आयात बिल बढ़ गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, कच्चे तेल की कीमत में हर 10 डॉलर की वृद्धि भारत के आयात बिल पर 14 से 16 अरब डॉलर का अतिरिक्त बोझ डालती है। इससे डॉलर की मांग बढ़ती है और रुपया कमजोर होता है।विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने भारतीय शेयर बाजार से बड़ी मात्रा में पूंजी निकाली है। साल 2025 में जहां 1.66 लाख करोड़ रुपए निकाले गए, वहीं 2026 के शुरुआती पांच महीनों में ही 2.26 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की निकासी हो चुकी है। विदेशी निवेशकों के डॉलर वापस ले जाने से बाजार में डॉलर की मांग बढ़ती है और रुपए पर दबाव बनता है।

रुपए में और गिरावट की अटकलें

अर्थशास्त्रियों का कहना है कि बाजार में यह धारणा बन रही है कि रुपया आगे और कमजोर होगा। इसी उम्मीद में निर्यातक अपने डॉलर विदेशों में रोककर रख रहे हैं, जबकि आयातक भविष्य में महंगी खरीदारी से बचने के लिए अभी ज्यादा डॉलर खरीद रहे हैं। इससे भी डॉलर की मांग बढ़ रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक स्तर पर बढ़ती अनिश्चितता, अमेरिकी व्यापार नीतियां और भारत की आर्थिक वृद्धि को लेकर उठे सवालों ने विदेशी निवेशकों का भरोसा प्रभावित किया है। इसके साथ ही डॉलर इंडेक्स में मजबूती आने से भी डॉलर की वैश्विक मांग बढ़ी है। अर्थशास्त्रियों का मानना है कि रुपए की कमजोरी केवल मौजूदा वैश्विक हालात का नतीजा नहीं है, बल्कि कुछ संरचनात्मक चुनौतियां भी इसके लिए जिम्मेदार हैं। (Indian Rupee Continues Fall)

रिसर्च और नई तकनीक में कम निवेश

भारत रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) पर अपनी जीडीपी का केवल 0.65% खर्च करता है, जबकि अमेरिका और चीन लगभग 3% तक निवेश करते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि नई तकनीक और नवाचार के बिना वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ना मुश्किल है और इससे निर्यात क्षमता भी प्रभावित होती है। भारत अभी भी वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनने से काफी दूर है। ‘मेक इन इंडिया’ जैसी योजनाओं के बावजूद देश में उच्च मूल्य वाले उत्पादों का उत्पादन सीमित है। अर्थशास्त्रियों का मानना है कि अगर देश ज्यादा उत्पादन नहीं करेगा तो निर्यात भी नहीं बढ़ेगा और डॉलर की कमाई सीमित रहेगी। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने 860 अरब डॉलर का निर्यात किया, जबकि 979 अरब डॉलर का आयात किया। यानी देश को 119 अरब डॉलर का व्यापार घाटा झेलना पड़ा। इलेक्ट्रॉनिक्स, मशीनरी और हाई-टेक उत्पादों में भारत अभी चीन, वियतनाम और ताइवान जैसे देशों से पीछे है। (Indian Rupee Continues Fall)

रुपए को बचाने के लिए RBI क्या कर रहा ?

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) रुपए में तेज गिरावट को रोकने के लिए अपने विदेशी मुद्रा भंडार से डॉलर बेच रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में RBI ने 53.1 अरब डॉलर बाजार में उतारे। मई 2026 में भी केंद्रीय बैंक ने कई अरब डॉलर की बिक्री कर बाजार में हस्तक्षेप किया। हालांकि इसके कारण देश का विदेशी मुद्रा भंडार घटकर 681.4 अरब डॉलर तक पहुंच गया है।

क्या रुपया 100 प्रति डॉलर तक पहुंच सकता है ?

इस पर विशेषज्ञों की राय बंटी हुई है। कुछ अर्थशास्त्रियों का मानना है कि रुपए को बाजार के अनुसार चलने देना चाहिए, जबकि दूसरे विशेषज्ञ चेतावनी देते हैं कि 100 रुपए प्रति डॉलर का स्तर महंगाई को बढ़ा सकता है। कच्चा तेल, सोना और अन्य आयातित वस्तुएं महंगी हो जाएंगी, जिसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा। भारतीय रुपए की गिरावट सिर्फ एक मुद्रा संकट नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था की कई गहरी चुनौतियों का संकेत है। बढ़ता आयात बिल, विदेशी निवेश की कमी, कमजोर मैन्युफैक्चरिंग और तकनीकी निवेश में पिछड़ापन इसकी प्रमुख वजहें हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर सरकार निर्यात, रिसर्च, मैन्युफैक्चरिंग और निवेश माहौल को मजबूत करने पर फोकस करती है, तभी लंबे समय में रुपए को स्थिर और मजबूत बनाया जा सकता है। (Indian Rupee Continues Fall)

Back to top button
error: Content is protected !!