Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली होटल अग्निकांड के बाद बड़ा खुलासा, जिस होटल में हुई 21 लोगों की मौत, उसके मालिक के दो और होटलों में भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी

Hotel Safety Under Scrutiny: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लरिश स्टे होटल में बुधवार को हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की मौत के बाद अब जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जिस होटल में आग लगी, उसके मालिक लवकेश बजाज के आसपास के इलाके में इसी तरह के दो अन्य होटल भी संचालित किए जा रहे हैं, जहां सुरक्षा मानकों की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। इस खुलासे के बाद सवाल उठने लगे हैं कि आखिर इतनी गंभीर खामियों के बावजूद ये होटल सालों से कैसे संचालित हो रहे थे। जानकारी के मुताबिक मालवीय नगर के जिस इलाके में यह हादसा हुआ, वहां करीब 400 से 500 मीटर के दायरे में 8 से 10 होटल संचालित हो रहे हैं। इनमें फ्लरिश स्टे होटल, फ्लरिश इन गेस्ट हाउस और ग्रीन रेजीडेंसी होटल एक ही समूह की ओर से संचालित किए जा रहे हैं। 

यह भी पढ़ें:- CJI सूर्यकांत बोले- विकास के नाम पर गांवों की आत्मा न खो जाए, शहरों में व्यक्ति भीड़ में भी अकेला

बताया जा रहा है कि लवकेश बजाज अपने एक पार्टनर के साथ मिलकर इन तीनों होटलों का संचालन कर रहा था। सबसे हैरानी की बात यह है कि तीनों होटल एक-दूसरे से महज 100 मीटर के दायरे में स्थित हैं और तीनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर कमियां पाई गई हैं। हादसे वाली जगह से लगभग 100 मीटर दूर स्थित फ्लरिश इन गेस्ट हाउस की स्थिति भी बेहद चिंताजनक बताई जा रही है। यहां बेसमेंट के अंदर पांच कमरे और एक किचन बनाया गया है। सुरक्षा मानकों के लिहाज से यह व्यवस्था बेहद खतरनाक मानी जाती है, क्योंकि बेसमेंट में आग लगने की स्थिति में धुआं तेजी से भरता है और बाहर निकलने के रास्ते सीमित हो जाते हैं। निरीक्षण के दौरान यहां कोई फायर एक्सटिंग्विशर नहीं मिला और न ही वेंटिलेशन की कोई व्यवस्था दिखाई दी। ऐसे में यदि यहां भी कोई हादसा होता, तो हालात बेहद भयावह हो सकते थे। (Hotel Safety Under Scrutiny)

ऊपरी मंजिलों पर भी सुरक्षा व्यवस्था सवालों में

फ्लरिश इन गेस्ट हाउस के बेसमेंट के ऊपर तीन मंजिलें बनी हुई हैं। हर मंजिल पर छह-छह कमरे बनाए गए हैं। हर फ्लोर के बाहर दो-दो फायर एक्सटिंग्विशर लगे जरूर दिखाई दिए, लेकिन उनकी स्थिति क्या है और वे उपयोग के लायक हैं या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार केवल फायर एक्सटिंग्विशर लगाना पर्याप्त नहीं होता, बल्कि उनका नियमित परीक्षण और रखरखाव भी जरूरी होता है। जांच में यह भी सामने आया है कि होटल की ऊपरी मंजिलों पर भी वेंटिलेशन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। कमरों की खिड़कियों में फिक्स ग्लास लगाए गए हैं, जिन्हें सामान्य रूप से खोला नहीं जा सकता। ऐसी स्थिति में यदि आग लगती है या कमरों में धुआं भर जाता है, तो लोगों के पास बाहर निकलने के विकल्प बेहद सीमित रह जाते हैं। आपातकालीन स्थिति में जान बचाने के लिए लोगों को केवल कांच तोड़कर निकलने का प्रयास करना पड़ सकता है, जो किसी भी होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। (Hotel Safety Under Scrutiny)

ग्रीन रेजीडेंसी होटल में भी कई गंभीर खामियां 

वहीं ग्रीन रेजीडेंसी होटल में भी कई गंभीर खामियां सामने आई हैं। यहां बेसमेंट में कमरे बनाए गए हैं, जिन्हें नियमों के विरुद्ध माना जा रहा है। होटल के भीतर गलियारे इतने संकरे हैं कि दो लोग एक साथ आसानी से नहीं निकल सकते। सीढ़ियां और निकास मार्ग भी बेहद संकरे बताए गए हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि बेसमेंट में प्रवेश और निकास के लिए केवल एक संकरा रास्ता है, जहां से एक समय में सिर्फ एक व्यक्ति ही निकल सकता है। होटल में इमरजेंसी एग्जिट की कोई अलग व्यवस्था नहीं मिली। विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी आगजनी की स्थिति में ऐसी संरचना लोगों की जान के लिए बड़ा खतरा बन सकती है, जिस फ्लरिश स्टे होटल में यह हादसा हुआ, वहां भी हालात कुछ अलग नहीं थे। बताया जा रहा है कि होटल का बेसमेंट इतना संकरा था कि रेस्क्यू टीम को बचाव अभियान चलाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आग लगने के बाद धुआं तेजी से पूरे भवन में फैल गया, जिससे कई लोग बाहर निकलने में सफल नहीं हो सके। संकरी संरचना और सीमित निकासी मार्गों ने हालात को और भयावह बना दिया।

मालिक हिरासत में, लुकआउट नोटिस पहले ही जारी

हादसे के बाद दिल्ली पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। घटना के बाद पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वह परिवार समेत वहां से गायब मिला। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया और बाद में उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और तीनों होटलों के दस्तावेज, निर्माण संबंधी अनुमतियों तथा फायर सेफ्टी इंतजामों की जांच की जा रही है। बुधवार सुबह करीब 8:50 बजे हुए इस भीषण अग्निकांड ने राजधानी में होटल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ 21 लोगों की मौत का दर्दनाक हादसा है, वहीं दूसरी ओर सामने आ रही जानकारियां यह संकेत दे रही हैं कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी लंबे समय से जारी थी। अब जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी गंभीर खामियों वाले होटल प्रशासन और संबंधित विभागों की नजरों से कैसे बचे रहे और क्या समय रहते कार्रवाई होती तो 21 लोगों की जान बचाई जा सकती थी।

Back to top button
error: Content is protected !!