Google Analytics —— Meta Pixel

गांजा तस्करी का बढ़ता नेटवर्क, छत्तीसगढ़ के कई जिलों में लगातार कार्रवाई, फिर भी नहीं थम रहा नशे का कारोबार

Ganja Smuggling in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में नशे का कारोबार लगातार अपने पैर पसार रहा है। तस्कर अब सिर्फ पारंपरिक रास्तों और तरीकों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। राज्य के अलग-अलग जिलों में हाल ही में हुई कार्रवाईयों ने यह साफ कर दिया है कि गांजा तस्करी का नेटवर्क गांवों से लेकर शहरों और राष्ट्रीय राजमार्गों तक गहराई से फैल चुका है। हालांकि पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन लगातार सामने आ रहे मामलों ने कानून-व्यवस्था और खुफिया तंत्र की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में अपराध बेलगाम? डर, दहशत और लगातार हो रही वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। अंबिकापुर से बिहार के गया रूट पर चलने वाली नीलम यात्री बस को मध्यप्रदेश के कटनी तक बुक किया गया था। तस्करों ने बेहद शातिराना अंदाज में गांजे की बड़ी खेप को कपड़ों के गट्ठरों में छिपाकर बस में लोड कर दिया था, ताकि किसी को शक न हो। सिलफिली इलाके में स्थानीय ग्रामीणों को बस से आ रही गांजे की तेज गंध पर संदेह हुआ। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को बीच सड़क पर रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी बढ़ते ही बस में मौजूद कई संदिग्ध लोग मौके से फरार हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल थी।

पुलिस की तलाशी में बस से करीब 8 क्विंटल गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ 15 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने बस चालक और कुछ संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गांजे की यह खेप मध्यप्रदेश के कटनी भेजी जा रही थी। इस पूरे मामले में सबसे अहम भूमिका स्थानीय ग्रामीणों की रही। अगर ग्रामीण सतर्कता नहीं दिखाते तो करोड़ों रुपए का गांजा आसानी से राज्य की सीमा पार कर जाता। अब पुलिस इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के पीछे सक्रिय मुख्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। (Ganja Smuggling in Chhattisgarh)

दुर्ग में विवाद की जांच के दौरान खुला अवैध नेटवर्क

दुर्ग जिले के खुर्सीपार क्षेत्र स्थित देवार बस्ती में दो पक्षों के बीच हुए विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस को एक बड़े अवैध नेटवर्क का पता चला। दोनों पक्षों की शिकायत के बाद जब पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया तो घरों की छतों, खंडहर भवनों, कबाड़ की बोरियों और शौचालयों में छिपाकर रखी गई अवैध सामग्री बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 12 किलोग्राम गांजा, 62 पौआ अवैध शराब, गांजे की पुड़िया बनाने वाले प्लास्टिक रैपर, दो पैनी तलवारें और कुछ संदिग्ध दोपहिया वाहन जब्त किए। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि यह सिर्फ अवैध सामान की बरामदगी नहीं, बल्कि इलाके में सक्रिय एक संगठित नेटवर्क का संकेत है, जो लंबे समय से नशे और अवैध गतिविधियों में शामिल हो सकता है।

रायपुर में ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत दो तस्कर गिरफ्तार

राजधानी रायपुर के ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। तिल्दा नेवरा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सासाहोली ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 770 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 75 हजार रुपए आंकी गई है। इसके अलावा एक होंडा साइन मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 3 लाख 46 हजार रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमालय वर्मा उर्फ प्रिंस और शिव वर्मा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। (Ganja Smuggling in Chhattisgarh)

मनेंद्रगढ़ में दबोचा गया बाइक सवार तस्कर

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 3 किलो 140 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शेरी गांव में घेराबंदी कर आरोपी सतीश सिंह कंवर को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 31 हजार 400 रुपये कीमत का गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजे के साथ मोटरसाइकिल और एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का मानना है कि यह खेप किसी बड़े सप्लाई नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है।

बिलासपुर में ड्रोन निगरानी से 7 तस्कर गिरफ्तार

बिलासपुर पुलिस के नशामुक्त अभियान के तहत 2 जून को थाना सरकंडा क्षेत्र में ड्रोन कैमरे की निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने चिंगराजपारा के कुंदरू बाड़ी इलाके में घेराबंदी कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 5 नाबालिग भी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6.744 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख 35 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा एक चाकू भी जब्त किया गया। गिरफ्तार मुख्य आरोपियों में कुश यादव उर्फ पप्पू यादव और दीपक साहू शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे सक्रिय मास्टरमाइंड कौन है। (Ganja Smuggling in Chhattisgarh)

बढ़ती कार्रवाई, लेकिन बड़ा सवाल बरकरार

सूरजपुर से लेकर बिलासपुर तक सामने आए ये मामले एक ही तस्वीर दिखाते हैं कि छत्तीसगढ़ में नशे का कारोबार लगातार संगठित और व्यापक होता जा रहा है। कहीं यात्री बसों का इस्तेमाल हो रहा है, कहीं बस्तियों में अवैध भंडारण किया जा रहा है, तो कहीं युवाओं और किशोरों को इस नेटवर्क में शामिल किया जा रहा है। पुलिस की कार्रवाईयों से यह जरूर साबित हो रहा है कि तस्करों पर शिकंजा कसने की कोशिश जारी है, लेकिन लगातार सामने आ रहे मामलों से यह भी स्पष्ट है कि नशे का नेटवर्क राज्य के कई हिस्सों में गहरी जड़ें जमा चुका है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब लगातार बरामदगी हो रही है, तब भी तस्करी का सिलसिला आखिर थम क्यों नहीं रहा और इस पूरे नेटवर्क के असली सरगना कब तक कानून के शिकंजे में आएंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!