Google Analytics —— Meta Pixel

राजधानी में फिर आगजनी, सेंट्रल बैंक के जोनल कार्यालय में लगी आग

रायपुर। राजधानी रायपुर में आगजनी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। आज शनिवार सुबह शहर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र बॉम्बे मार्केट स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल कार्यालय में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आग सुबह करीब 9 बजे बैंक के जोनल कार्यालय में लगी। भवन से धुआं उठता देख कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

सुरक्षा के मद्देनजर कार्यालय भवन को तत्काल खाली करा लिया गया। वहीं पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों की आवाजाही सीमित कर दी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

फिलहाल दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

अधिकारियों के अनुसार आग से हुए नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा। राहत की बात यह है कि घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। आग पर पूरी तरह नियंत्रण के बाद विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।

यह भी पढ़े :- मानसून ने पकड़ी रफ्तार, केरल के बाद पहुंचा गोवा, मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ में देरी से पहुंचने के आसार

Back to top button
error: Content is protected !!