इबोला को लेकर छत्तीसगढ़ सतर्क, दुर्ग में तीन विदेशी नागरिक क्वारंटाइन

रायपुर। इबोला वायरस संक्रमण की आशंका को देखते हुए छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार पिछले एक महीने से संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियों में जुटी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल प्रदेश में इबोला संक्रमण का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं आया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि दुर्ग जिले में एहतियात के तौर पर तीन विदेशी नागरिकों को आइसोलेशन और क्वारंटाइन में रखा गया है। ये तीनों अफ्रीकी देशों के नागरिक हैं और निर्धारित स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के तहत 21 दिनों तक निगरानी में रहेंगे।
उन्होंने कहा कि अब तक की गई जांच में किसी भी व्यक्ति में इबोला वायरस संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। साथ ही उनमें संक्रमण से संबंधित कोई लक्षण भी नहीं पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग उनकी नियमित मॉनिटरिंग कर रहा है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
जायसवाल ने कहा कि किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है। आवश्यक संसाधन, चिकित्सा सुविधाएं और निगरानी तंत्र सक्रिय कर दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है।
यह भी पढ़े :- India T20I Squad – 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का टीम इंडिया में डेब्यू, आयरलैंड दौरे के लिए चयन



